
रुद्रपुर। खनन कार्य शुरू होने के दृष्टिगत जनपद में अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्रा की अध्यक्षता में जिला खान अधिकारी द्वारा समस्त खनन पट्टाधारकों,अनुज्ञा धारकों, स्टोन क्रशर,स्क्रीनिंग प्लांट,हॉट मिक्स, रेडीमिक्स प्लांट स्वामियों एवं भंडारण अनुज्ञाधारकों के साथ उच्चस्तरीय बैठक की गई। बैठक में आगामी खनन सत्र को सुचारू रूप से संचालित करना और किसी भी तकनीकी या प्रक्रियात्मक बाधा को समय रहते दूर करने को लेकर चर्चा हुई।
बैठक में वाहनों में माइनिंग टैग लगाने के लिए 15 अक्टूबर तक का समय निर्धारित किया गया है। वाहन स्वामियों व ट्रांसपोर्टरों की सुविधा हेतु प्रत्येक तहसील में विशेष कैंप लगाए गए हैं और सभी संबंधित पक्षों को अपने वाहनों में अनिवार्य रूप से माइनिंग टैग लगवाना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।वेब्रिज और सीसीटीवी के माध्यम से विभागीय पोर्टल से इंटीग्रेट किया जाना अनिवार्य किया गया है। जिन संस्थानों द्वारा इसे अभी तक पोर्टल से नहीं जोड़ा गया है,उन्हें तुरंत इंटीग्रेशन कराने के निर्देश दिए।
खनिज गतिविधियों की पारदर्शी रिपोर्टिंग और निगरानी के लिए ‘खनिज मित्र ऐप’ के माध्यम से आवश्यक प्रक्रियाओं की जानकारी दी गई। साथ ही परिवहन के दौरान वाहन खराब होने की स्थिति में इसकी सूचना तुरंत डिजिटल माध्यम से विभाग को उपलब्ध कराने की व्यवस्था समझाई गई। बैठक के दौरान संबंधितों द्वारा बताई गई समस्याओं व शंकाओं का समाधान किया गया ताकि कार्य शुरू होने के बाद किसी प्रकार का व्यवधान उत्पन्न न हो सके।अपर जिलाधिकारी ने खनन कार्य प्रारंभ होने के साथ ही सभी निर्धारित नियमों,शर्तों और विभागीय दिशा-निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।



