
रुद्रपुर। जनपद में 1 सितंबर से आयोजित होने वाले खेल महाकुम्भ-2026 की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए परियोजना निदेशक डीआरडीए हिमांशु जोशी की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में पीडी हिमांशु जोशी ने न्याय पंचायत, विधानसभा और संसदीय क्षेत्र स्तर पर गठित खेल समितियों को शीघ्र बैठक कर खेल मैदान चिन्हित करने, तिथिवार रोस्टर तैयार करने तथा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य विभाग को प्रत्येक खेल स्थल पर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए गए।
उन्होंने मुख्य शिक्षा अधिकारी, युवा कल्याण विभाग एवं ग्राम विकास अधिकारियों को स्कूलों की प्रार्थना सभाओं, पोस्टर, बैनर और सोशल मीडिया के माध्यम से खेल महाकुम्भ का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए, ताकि अधिक से अधिक बच्चे विभिन्न आयु वर्ग की प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग कर सकें। साथ ही प्रतियोगिताओं के निष्पक्ष संचालन, पर्याप्त तकनीकी स्टाफ एवं निर्णायकों की तैनाती सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
जिला युवा कल्याण अधिकारी बीएस रावत ने बताया कि खेल महाकुम्भ-2026 का उद्देश्य राज्य में खेल संस्कृति को बढ़ावा देना, युवाओं व दिव्यांग खिलाड़ियों को खेलों के प्रति प्रेरित करना तथा प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की पहचान कर उन्हें आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करना है।
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में उत्तराखंड के स्थायी निवासी खिलाड़ी भाग ले सकेंगे। अंडर-14 (11–14 वर्ष), अंडर-19 (15–19 वर्ष) एवं दिव्यांग वर्ग (ओपन) में प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। विभिन्न स्तरों पर कबड्डी, एथलेटिक्स, खो-खो, मुर्गा झपट, वॉलीबॉल, पिट्टू, मलखम्ब, रस्साकशी, कंचा, फुटबॉल और बैडमिंटन सहित कई खेल शामिल किए गए हैं। विजेताओं को मेडल, प्रमाण पत्र एवं नकद पुरस्कार डीबीटी के माध्यम से प्रदान किए जाएंगे। खिलाड़ियों का पंजीकरण ऑनलाइन किया जा रहा है।
बैठक में एसपी सिटी उत्तम सिंह नेगी, मुख्य शिक्षा अधिकारी हरेन्द्र मिश्रा, जिला पंचायत राज अधिकारी विद्या सिंह सोमनाल, क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी हिमांशु कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे, जबकि सभी खंड विकास अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी एवं निकाय अधिकारी वर्चुअल माध्यम से जुड़े।



