
किच्छा। यहां घर के बाहर खड़ी एक कार में अचानक आग लग गईं। जब तक लोग कुछ समझ पाते, कार धू-धू कर जलने लगी और देखते ही देखते आग का गोला बन गई। कुछ ही देर में पूरी कार जलकर राख हो गई।
जानकारी के अनुसार ऊधम सिंह नगर जिले के किच्छा के पुलभट्टा थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 18 में कार घर के बाहर खड़ी थी, तभी संदिग्ध परिस्थितियों में उसमें आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में कार पूरी तरह लपटों में घिर गई।
घटना के दौरान आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग की तीव्रता के कारण उस पर काबू नहीं पाया जा सका। जब तक फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची, तब तक कार पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी। इस घटना का वीडियो भी किसी स्थानीय व्यक्ति ने अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में कार आग की लपटों में घिरी दिखाई दे रहीहै और आसपास मौजूद लोग आग बुझाने की कोशिश करते नजर आ रहे हैं।
कार मालिक आरिफ ने घटना को महज हादसा मानने से इनकार करते हुए पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया है कि पुरानी रंजिश के चलते कुछ लोगों ने जानबूझकर उनकी कार में आग लगाई है। आरिफ का कहना है कि पड़ोस में रहने वाले कुछ लोगों के साथ उनका पहले से विवाद चल रहा है और उसी रंजिश केचलते उनकी कार को निशाना बनाया गया।
वहीं पुलभट्टा थाना प्रभारी सुरेंद्र मिश्रा ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि यह हादसा था या किसी साजिश का हिस्सा।


