रुद्रपुर में खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, मिठाई की दुकानों से लिए गए 4 सैंपल; मिलावट मिलने पर होगी सख्त कार्रवाई

खबरें शेयर करें

रुद्रपुर। दीपावली पर्व के मद्देनजर आम जनता को शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने और खाद्य पदार्थों में मिलावट पर अंकुश लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने अभियान तेज कर दिया है। जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया के निर्देश पर शुक्रवार, 6 नवंबर को सहायक आयुक्त (खाद्य सुरक्षा) ललित मोहन पाण्डे के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने रुद्रपुर मेन मार्केट स्थित खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान टीम ने मिठाइयों की गुणवत्ता की जांच के लिए बर्फी, पेड़ा, बालूशाही और बेसन के लड्डू के एक-एक नमूने सहित कुल चार सैंपल लिए। इन नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य एवं औषधि प्रयोगशाला, रुद्रपुर भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट में खाद्य पदार्थ मानकों के अनुरूप नहीं पाए जाने पर संबंधित कारोबारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

अभियान के दौरान खाद्य प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई और खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुपालन की भी जांच की गई। विभाग ने कारोबारियों को निर्देश दिए कि बिना पंजीकरण या लाइसेंस के खाद्य कारोबार न करें और खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करें। साथ ही खाद्य पदार्थों के क्रय-विक्रय का दैनिक रिकॉर्ड रखने और खरीद के बिलों पर FSSAI लाइसेंस नंबर अंकित करने के निर्देश दिए गए।

खुले में बिकने वाली मिठाइयों एवं बेकरी उत्पादों पर निर्माण और समाप्ति तिथि अंकित करना भी अनिवार्य बताया गया। बाहरी राज्यों से खाद्य पदार्थ केवल पंजीकृत एवं लाइसेंसधारी कारोबारियों से ही खरीदने के निर्देश दिए गए।

खाद्य विभाग ने आम जनता से भी अपील की है कि मिठाई एवं अन्य खाद्य पदार्थ खरीदते समय निर्माण तिथि, उपयोग की अंतिम तिथि और दुकानदार का खाद्य लाइसेंस अवश्य जांचें। मिलावटी, घटिया या असुरक्षित खाद्य पदार्थों की बिक्री की शिकायत टोल फ्री नंबर 18001804246 पर की जा सकती है।

इस अभियान में सहायक आयुक्त ललित मोहन पाण्डे, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी आशा आर्या सहित अन्य अधिकारी शामिल रहे।