डांस-गाने के बीच हादसा… अचानक गिरा छज्जा, मच गई चीख-पुकार

खबरें शेयर करें

उत्तराखंड में एक शादी समारोह के दौरान बड़ा हादसा हो गया, जब एक मकान का छज्जा अचानक गिरने से छह लोग घायल हो गए। घायलों में महिलाएं और एक चार वर्षीय बच्ची भी शामिल हैं। सभी को बेहतर इलाज के लिए हल्द्वानी रेफर किया गया है।

यह घटना कालाढूंगी के वार्ड नंबर तीन में उस समय हुई, जब एक घर में शादी का कार्यक्रम चल रहा था और बारात के स्वागत की तैयारियां की जा रही थीं। बारात देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग आसपास के घरों की छतों और छज्जों पर चढ़ गए थे। इसी दौरान शाम करीब पौने नौ बजे एक मकान का छज्जा अचानक भरभराकर गिर गया, जिससे उस पर खड़े लोग नीचे आ गिरे।

हादसे में रेशमा (35), आसमा (30), सकीना (21), सवीना (36), लाईबा नूर (4) और आदिल घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तत्काल सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कालाढूंगी पहुंचाया।

डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें सुशीला तिवारी अस्पताल, हल्द्वानी रेफर कर दिया, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में छज्जे की जर्जर हालत हादसे की मुख्य वजह मानी जा रही है। एसएसआई पंकज जोशी ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।