SIR में अनावश्यक आपत्तियों का आरोप, कांग्रेस ने एडीएम को सौंपा ज्ञापन, निष्पक्ष पुनरीक्षण की मांग

खबरें शेयर करें

रुद्रपुर। मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण (SIR) के तहत वास्तविक मतदाताओं के खिलाफ कथित रूप से अनावश्यक आपत्तियां लगाए जाने और नाम काटे जाने की आशंका को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मोर्चा खोल दिया। पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर अपर जिलाधिकारी (नजूल) उदय उपाध्याय से मुलाकात की और मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा।
पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने कहा कि वर्तमान में कुछ आपत्तिकर्ताओं द्वारा वास्तविक एवं लंबे समय से मतदाता सूची में दर्ज नागरिकों के खिलाफ अनावश्यक आपत्तियां लगाए जाने की शिकायतें सामने आ रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ राजनीतिक दलों से जुड़े लोगों द्वारा निर्वाचन विभाग और प्रशासन को गुमराह करने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि किसी भी वास्तविक मतदाता का नाम गलत तरीके से मतदाता सूची से हटाने का प्रयास कांग्रेस बर्दाश्त नहीं करेगी। मतदाता का वोट उसका लोकतांत्रिक अधिकार है और सत्ता के दबाव में किसी नागरिक के मताधिकार को प्रभावित करने का प्रयास हुआ तो उसका लोकतांत्रिक तरीके से विरोध किया जाएगा।
ठुकराल ने कहा कि कई नागरिकों के नाम दूसरी जगह स्थानांतरित हो चुके हैं। ऐसे मामलों में यदि किसी व्यक्ति द्वारा दोबारा फर्जी तरीके से मतदाता पहचान बनाने या मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने का प्रयास किया जाता है तो उसके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि फर्जी दस्तावेजों अथवा गलत आपत्तियों के माध्यम से मतदाता सूची को प्रभावित करने वालों की जांच कर कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए।
कांग्रेस नेताओं ने प्रशासन से मांग की कि SIR प्रक्रिया में प्रत्येक आपत्ति की निष्पक्ष जांच की जाए और किसी भी वास्तविक मतदाता का नाम बिना उचित सत्यापन के मतदाता सूची से न हटाया जाए। साथ ही आपत्ति दर्ज कराने की प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की गई।
ज्ञापन देने वालों में कांग्रेस महानगर अध्यक्ष ममता रानी, जगदीश, ज्योति टम्टा, दिनेश पंत, आनंद शमी, ज्योति, दिनेश कोली, मुनव्वर हुसैन, मुराद अली, रामकुमार गुप्ता, सतनाम सिंह मक्कड़, बंदी, उमा सरकार, राजू गुप्ता सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं नागरिक मौजूद रहे।