बच्चे के एडमिशन के बहाने बुलाकर 3 वर्षीय बेटे को छीन ले गया पति, महिला ने कोतवाली में लगाई गुहार, जान से मारने की धमकी का आरोप

खबरें शेयर करें

रुद्रपुर। ट्रांजिट कैम्प थाना क्षेत्र की एक महिला ने अपने पति पर मारपीट, जान से मारने की धमकी देने और तीन वर्षीय बेटे को जबरन अपने साथ ले जाने का आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस को दिए शिकायती पत्र में सुमन पत्नी रितेश राय, निवासी महालक्ष्मी इनक्लेव, जनपद रोड फेज-1, फुलसुंगा ने बताया कि घरेलू विवाद और कथित मारपीट के चलते वह फरवरी 2026 से अपने तीन वर्षीय पुत्र रियांश के साथ मायके, आवास विकास रुद्रपुर में रह रही हैं। महिला के अनुसार, पति-पत्नी के बीच आपसी सहमति से तलाक को लेकर बातचीत चल रही थी।

महिला का आरोप है कि 29 जून 2026 को दोपहर करीब 12 बजे उसके पति रितेश राय ने बच्चे के स्कूल में प्रवेश दिलाने के बहाने उसे दक्ष चौराहा, फुलसुंगा बुलाया। वहां कार में बैठाने के बाद उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की गई तथा उसे उत्तर प्रदेश ले जाकर जान से मारने की धमकी दी गई। महिला का यह भी आरोप है कि उसका पति तीन वर्षीय बेटे को जबरन अपने साथ ले गया।

शिकायत में महिला ने आशंका जताई है कि उसका पति नशा करता है और बच्चे को नुकसान पहुंचा सकता है। उसने अपनी और अपने बेटे की सुरक्षा को खतरा बताते हुए पुलिस से तत्काल रिपोर्ट दर्ज कर बच्चे को सकुशल वापस दिलाने तथा आरोपी के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।