ट्रामाडोल पर प्रशासन का शिकंजा, दो मेडिकल प्रतिष्ठान बंद और एक फर्म सील

खबरें शेयर करें

जनपद ऊधमसिंह नगर में मनःप्रभावी औषधि ट्रामाडोल की बिक्री एवं भंडारण के सत्यापन को लेकर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया के आदेश तथा उप औषधि नियंत्रक के निर्देशन में 19 अगस्त 2026 को उपजिलाधिकारी काशीपुर अभय प्रताप सिंह के नेतृत्व में औषधि विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने काशीपुर के विभिन्न थोक मेडिकल प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की।

कार्रवाई के दौरान जय लक्ष्मी सर्जिकल और बंसल फार्मास्यूटिकल में ट्रामाडोल के क्रय के सापेक्ष विक्रय एवं भुगतान का सत्यापन नहीं पाए जाने पर दोनों प्रतिष्ठानों के औषधि संबंधी क्रय-विक्रय पर अग्रिम आदेशों तक रोक लगाते हुए प्रतिष्ठान बंद करा दिए गए।

वहीं यूनिक सर्जिकल, मोहल्ला अल्लीखां के फर्म स्वामी के मौके से चले जाने और बुलाने के बावजूद उपस्थित नहीं होने पर प्रशासन ने प्रतिष्ठान को सील कर दिया। इसके अलावा नाइस मेडिकोज को ट्रामाडोल के क्रय-विक्रय से संबंधित दस्तावेज सात दिनों के भीतर सत्यापन के लिए प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिलाधिकारी के निर्देश पर जिले में ट्रामाडोल समेत मनःप्रभावी औषधियों की बिक्री और भंडारण की जांच आगे भी जारी रहेगी।

कार्रवाई में वरिष्ठ औषधि निरीक्षक ऊधमसिंह नगर नीरज कुमार, वरिष्ठ औषधि निरीक्षक नैनीताल मीनाक्षी बिष्ट, औषधि निरीक्षक ऊधमसिंह नगर निधि शर्मा एवं शुभम कोटनाला तथा औषधि निरीक्षक नैनीताल अर्चना शामिल रहे।