रुद्रपुर में 29-30 अगस्त को राधा स्वामी सत्संग व्यास में उमड़ेगा आस्था का सैलाब, सुरक्षा-व्यवस्था को लेकर डीएम ने कसी कमर

खबरें शेयर करें

रुद्रपुर। आगामी 29 और 30 अगस्त को रुद्रपुर स्थित राधा स्वामी सत्संग व्यास में पूज्य बाबा जी एवं हुजूर जी की पावन उपस्थिति में विशाल सत्संग कार्यक्रम आयोजित होगा। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।

कार्यक्रम की कानून-व्यवस्था, जनसुरक्षा, सुगम यातायात और नागरिक सुविधाओं की समीक्षा के लिए जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया की अध्यक्षता में राधा स्वामी सत्संग व्यास परिसर में बैठक आयोजित की गई। डीएम ने अधिकारियों को कार्यक्रम से पहले सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध तरीके से पूरी करने के निर्देश दिए।

उन्होंने बिजली-पानी की निर्बाध आपूर्ति, सड़क एवं सफाई व्यवस्था, पर्याप्त स्ट्रीट लाइट, खराब लाइटों की तत्काल मरम्मत, डिवाइडरों की पेंटिंग, सड़कों के गड्ढों की मरम्मत और नालियों की सफाई सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही पार्किंग व्यवस्था को बेहतर बनाने तथा धूल नियंत्रण के लिए सड़कों पर नियमित पानी का छिड़काव करने के निर्देश दिए।

आपात स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त संख्या में एंबुलेंस और दमकल वाहनों की तैनाती के साथ आसपास के सरकारी व निजी अस्पतालों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए। श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों को यातायात संबंधी परेशानी न हो, इसके लिए पुलिस को ट्रैफिक और पार्किंग की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।

डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिए कि इतने बड़े आयोजन में श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के साथ किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

बैठक में अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय, अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. उत्तम सिंह नेगी, राधा स्वामी सत्संग व्यास के प्रदेश सचिव हरीश मुंजाल, दीपक गुम्बर, भारत भूषण चुघ, सीएफओ ईशान कटारिया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।