रुद्रपुर में ब्रह्माकुमारीज के नए केंद्र का भूमि पूजन, पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल बोले- आध्यात्मिकता से मिलती है जीवन को सही दिशा

खबरें शेयर करें

रुद्रपुर। प्रजापिता ब्रह्माकुमारीज ईश्वरीय विश्वविद्यालय के नए केंद्र का बुधवार को वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ भूमि पूजन संपन्न हुआ। कार्यक्रम में पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। ब्रह्माकुमारीज परिवार की ओर से उनका पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।

भूमि पूजन के उपरांत आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने कहा कि ब्रह्माकुमारीज जैसी आध्यात्मिक संस्थाएं समाज में नैतिक मूल्यों, आध्यात्मिक चेतना और सकारात्मक सोच को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय के तनावपूर्ण जीवन में आध्यात्मिकता ही व्यक्ति को मानसिक शांति, आत्मविश्वास और जीवन जीने की सही दिशा प्रदान करती है।

उन्होंने कहा कि सामाजिक चुनौतियों और नैतिक मूल्यों के ह्रास के दौर में ऐसे केंद्र लोगों को संस्कार, संयम और सेवा का संदेश देते हैं। नए केंद्र की स्थापना से रुद्रपुर एवं आसपास के क्षेत्रों के लोगों को राजयोग, आध्यात्मिक शिक्षा और सामाजिक सेवा गतिविधियों से जुड़ने का अवसर मिलेगा। उन्होंने ब्रह्माकुमारीज परिवार को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि यह केंद्र समाज में भाईचारे, सद्भाव और आध्यात्मिक जागरूकता को मजबूत करने का माध्यम बनेगा।

कार्यक्रम में मुख्य प्रशासिका वीके मीनू बहन ने कहा कि ब्रह्माकुमारीज संस्था का उद्देश्य आध्यात्मिक ज्ञान के माध्यम से व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाना तथा विश्व में शांति, प्रेम और मानवीय मूल्यों की स्थापना करना है। उन्होंने बताया कि नए केंद्र में राजयोग मेडिटेशन, आध्यात्मिक प्रवचन, नैतिक शिक्षा एवं सामाजिक जागरूकता से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम नियमित रूप से संचालित किए जाएंगे।

इस अवसर पर वीके शशि बहन, वीके प्रज्ञा बहन, वीके तन्नू बहन, वीके ललतेश, विमलेश, रामबेटी, बीके अमीषा, सुरेंद्र, बीके तिलक, बीके तुषार सहित बड़ी संख्या में ब्रह्माकुमारीज परिवार के सदस्य एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।