
रुद्रपुर। कैंची धाम मेले, वीकेंड पर्यटक दबाव, सोमवती अमावस्या स्नान तथा UKSSSC एवं NEET परीक्षा के मद्देनजर जनपद पुलिस प्रशासन ने 14 जून 2026 से रुद्रपुर शहर क्षेत्र में विशेष यातायात एवं डायवर्जन प्लान लागू कर दिया है। बढ़ते यातायात दबाव को नियंत्रित करने तथा श्रद्धालुओं, परीक्षार्थियों एवं आम नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विभिन्न मार्गों पर वाहनों का संचालन निर्धारित रूटों से कराया जाएगा।
जारी यातायात व्यवस्था के अनुसार दिल्ली, मुरादाबाद और रामपुर की ओर से आने वाले वाहन, जिन्हें नैनीताल, कैंची धाम, काशीपुर अथवा किच्छा जाना है, वे रामपुर बॉर्डर से रिंग रोड का उपयोग करेंगे। वहीं हरिद्वार और जसपुर से नैनीताल व कैंची धाम जाने वाले वाहन काशीपुर-रामनगर मार्ग तथा मुरादाबाद से आने वाले वाहन बाजपुर दोराहा-कालाढूंगी मार्ग से अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे।
खटीमा, सितारगंज और पीलीभीत क्षेत्र से आने वाले श्रद्धालुओं व पर्यटक वाहनों को भी वैकल्पिक मार्गों से भेजा जाएगा। इसके अलावा हल्द्वानी, नैनीताल और कैंची धाम से आने वाले वाहन, जिन्हें हरिद्वार, काशीपुर, दिल्ली, मुरादाबाद, सितारगंज अथवा बरेली की ओर जाना है, उन्हें पारले चौक सिडकुल से रिंग रोड के माध्यम से डायवर्ट किया जाएगा।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि रुद्रपुर शहर क्षेत्र में पर्यटक वाहनों एवं भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिदिन सुबह 8 बजे से रात 10 बजे तक पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। हालांकि यह व्यवस्था स्थानीय व्यक्तिगत वाहन चालकों पर लागू नहीं होगी।
प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि यात्रा से पूर्व निर्धारित डायवर्जन प्लान की जानकारी अवश्य प्राप्त करें तथा यातायात पुलिस के निर्देशों का पालन कर सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।



