अमृत 2.0 से जसपुर, किच्छा और बाजपुर के विकास को मिलेगी नई दिशा, डीएम नितिन सिंह भदौरिया ने जीआईएस आधारित मास्टर प्लान की समीक्षा कर दिए सख्त निर्देश

खबरें शेयर करें

रुद्रपुर। भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए जसपुर, किच्छा और बाजपुर के सुनियोजित विकास की दिशा में प्रशासन ने कवायद तेज कर दी है। जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने शनिवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अमृत 2.0 योजना के अंतर्गत तैयार किए जा रहे जीआईएस (GIS) आधारित मास्टर प्लान की विस्तृत समीक्षा की।

समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मास्टर प्लान तैयार करते समय नियोजन क्षेत्र का सटीक सीमांकन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि योजना में कोई भी क्षेत्र या गांव छूटना नहीं चाहिए। इसके लिए संबंधित उप जिलाधिकारियों को आवश्यक सहयोग प्रदान करने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने आगामी जनगणना को ध्यान में रखते हुए मास्टर प्लान में अनुमानित एवं अध्ययन आधारित जनसंख्या के आंकड़ों को भी अनिवार्य रूप से शामिल करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि जनसंख्या के सही आकलन से आने वाले दशकों में शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों की विकास संबंधी आवश्यकताओं को बेहतर ढंग से समझा जा सकेगा। इससे भविष्य की आधारभूत सुविधाओं और बुनियादी ढांचे के विकास की प्रभावी योजना तैयार करने में मदद मिलेगी।

बैठक में जिला विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष जयकिशन, उप जिलाधिकारी गौरव पांडेय, ऋचा सिंह, राहुल शाह एवं रुचिता गुप्ता सहित शशिमोहन आदि संबंधित अधिकारी वर्चुअल माध्यम से जुड़े रहे।