VVIP कार्यक्रम से पहले ऊधम सिंह नगर में हाई अलर्ट, एसएसपी के निर्देश पर चला सघन चेकिंग अभियान

खबरें शेयर करें

रुद्रपुर। देहरादून में प्रस्तावित VVIP कार्यक्रम को सकुशल संपन्न कराने तथा सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से ऊधम सिंह नगर पुलिस ने शुक्रवार को पूरे जनपद में व्यापक चेकिंग अभियान चलाया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अजय गणपति के निर्देश पर सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों ने स्वयं मैदान में उतरकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

निर्धारित कार्यक्रम के तहत सुबह 8 बजे से 11 बजे तक जनपद के सभी थाना और चौकी क्षेत्रों में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान प्रमुख चौराहों, नाकों और बॉर्डर क्षेत्रों में बैरिकेडिंग कर आने-जाने वाले वाहनों की गहन तलाशी ली गई। संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच के साथ-साथ उनकी गतिविधियों पर भी विशेष नजर रखी गई।

सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पुलिस टीमों ने क्षेत्र के होटलों, ढाबों, सरायों एवं धर्मशालाओं की भी जांच की। यहां ठहरे लोगों के पहचान पत्रों का सत्यापन किया गया तथा संचालकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

इसके अलावा पुलिस अधिकारियों ने संवेदनशील एवं सार्वजनिक स्थलों का निरीक्षण कर सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की। एसएसपी के निर्देश पर सभी अधिकारी पूरे अभियान के दौरान मौके पर मौजूद रहे और सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए।

पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करें तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। पुलिस का कहना है कि VVIP कार्यक्रम के दौरान कानून-व्यवस्था एवं सुरक्षा बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।