
रुद्रपुर। आगामी 14 जून को आयोजित होने वाली उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) की स्नातक स्तरीय भर्ती परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए ऊधम सिंह नगर पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है। इसी क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने शुक्रवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जनपद के सभी राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों के साथ समीक्षा बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
जनपद में परीक्षा के लिए कुल 55 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए 55 मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई है। एसएसपी ने सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्धारित समय से पहले ड्यूटी स्थल पर पहुंचने तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।
बैठक में स्पष्ट किया गया कि परीक्षा केंद्रों के मुख्य द्वार के बाहर ही अभ्यर्थियों की सघन चेकिंग और फ्रिस्किंग की जाएगी। महिला अभ्यर्थियों की जांच के लिए महिला पुलिसकर्मियों की विशेष तैनाती रहेगी। साथ ही मुख्य द्वार पर तैनात पुलिसकर्मी बॉडी वॉर्न कैमरों के साथ ड्यूटी करेंगे, ताकि प्रत्येक गतिविधि की निगरानी की जा सके।
एसएसपी ने परीक्षा प्रारंभ होने से पूर्व सभी परीक्षा कक्षों की गहन जांच करने और प्रत्येक कक्ष में लगे जैमर की कार्यशीलता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। परीक्षा केंद्रों के भीतर मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस सहित किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण तथा डिजिटल और एनालॉग घड़ियों पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
परीक्षा की गोपनीयता और गरिमा बनाए रखने के लिए 14 जून को जनपद के सभी कोचिंग संस्थान बंद रहेंगे। आदेशों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इसके अलावा पूर्व में भर्ती परीक्षाओं में धांधली, पेपर लीक या अन्य अनियमितताओं में संलिप्त रहे संदिग्ध व्यक्तियों और अपराधियों पर स्थानीय पुलिस एवं एलआईयू द्वारा विशेष निगरानी रखी जाएगी।
यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए भी विशेष प्रबंध किए गए हैं, ताकि परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने और वापस लौटने में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
एसएसपी अजय गणपति ने स्पष्ट किया कि परीक्षा की निष्पक्षता से किसी भी प्रकार का खिलवाड़ करने वाले नकल माफिया, सॉल्वर गैंग या अन्य असामाजिक तत्वों के खिलाफ तत्काल और कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। ऊधम सिंह नगर पुलिस परीक्षा को पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।



