रुद्रपुर में फायर सर्विस की मॉक ड्रिल, 100 से अधिक छात्रों को मिला अग्नि सुरक्षा का व्यवहारिक प्रशिक्षण

खबरें शेयर करें

रुद्रपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधम सिंह नगर अजय गणपति के निर्देशन में फायर यूनिट रुद्रपुर ने शनिवार को नैनीताल रोड स्थित आकाश इंस्टीट्यूट में अग्नि सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम एवं मॉक ड्रिल का आयोजन किया। मुख्य अग्निशमन अधिकारी ईशान कटारिया के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य छात्र-छात्राओं और स्टाफ को आग जैसी आपातकालीन परिस्थितियों से सुरक्षित निपटने के लिए व्यवहारिक प्रशिक्षण देना था।

मॉक ड्रिल के दौरान आपातकालीन सायरन बजाकर आग लगने की काल्पनिक स्थिति बनाई गई। इसके बाद फायर टीम ने मौके पर पहुंचकर त्वरित कार्रवाई का प्रदर्शन करते हुए संस्थान में मौजूद छात्र-छात्राओं एवं स्टाफ को आपातकालीन निकास द्वार से सुरक्षित बाहर निकाला। साथ ही रेस्क्यू ऑपरेशन का प्रदर्शन कर घायलों को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने, सीपीआर (CPR) और प्राथमिक उपचार की व्यवहारिक जानकारी भी दी गई।

कार्यक्रम में 100 से अधिक छात्र-छात्राओं एवं स्टाफ ने भाग लिया। इस दौरान उन्हें अग्निशमन उपकरणों के सही उपयोग, आग से बचाव के उपाय, सुरक्षित निकासी प्रक्रिया और आपातकालीन परिस्थितियों में बरती जाने वाली आवश्यक सावधानियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।

फायर विभाग ने बताया कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों का उद्देश्य लोगों में आपदा के समय सही निर्णय लेने की क्षमता विकसित करना और जनहानि को कम करना है।