
रुद्रपुर। सिविल लाइन स्थित गुरु अंगद देव कॉम्प्लेक्स से कंचनतारा जाने वाले मार्ग पर फुट ओवर ब्रिज निर्माण की मांग को लेकर गुरुवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन किया। पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल के नेतृत्व में जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर शिशु मंदिर इंटर कॉलेज मोड़ के पास शीघ्र फुट ओवर ब्रिज निर्माण कराने तथा तब तक आमजन की सुविधा के लिए बंद कट को अस्थायी रूप से खोलने की मांग की गई।
पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने कहा कि नैनीताल रोड स्थित शिशु मंदिर इंटर कॉलेज मोड़ पर प्रतिदिन हजारों लोगों का पैदल आवागमन होता है। आवास विकास, जगतपुरा, मुखर्जी नगर, रविन्द्र नगर, शिवनगर, आजाद नगर, विवेक नगर, ट्रांजिट कैंप, कल्याणी व्यू और धोबीघाट समेत आसपास के क्षेत्रों के निवासी इसी मार्ग का उपयोग करते हैं। इसके अलावा बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राएं भी इसी रास्ते से गुजरती हैं।
उन्होंने कहा कि पहले यहां तिराहा खुला होने के कारण लोगों को सड़क पार करने में ज्यादा परेशानी नहीं होती थी, लेकिन ग्रिल और लोहे की सरियों से कट बंद किए जाने के बाद लोगों को लंबा चक्कर लगाना पड़ रहा है। ऐसे में अधिकांश लोग जान जोखिम में डालकर सीधे सड़क पार करने को मजबूर हैं, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका लगातार बनी रहती है।
ठुकराल ने हाल ही में इसी स्थान पर सड़क दुर्घटना में एक महिला की मौत का उल्लेख करते हुए कहा कि यह घटना प्रशासन के लिए चेतावनी है। इसके बावजूद अभी तक कोई स्थायी और सुरक्षित व्यवस्था नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते आवश्यक कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में भी ऐसे हादसे दोहराए जा सकते हैं।
ज्ञापन के माध्यम से कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मांग की कि पैदल यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए शिशु मंदिर इंटर कॉलेज मोड़ पर जल्द से जल्द फुट ओवर ब्रिज का निर्माण कराया जाए। साथ ही निर्माण कार्य पूरा होने तक पूर्व की भांति अस्थायी रूप से कट खोलकर लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराई जाए।
प्रदर्शन में कांग्रेस पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, ग्राम प्रधान, जिला पंचायत सदस्य, छात्र नेता एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।



