बिड़खुरा की बेटी प्रिया गोस्वामी ने चांसलर गोल्ड मेडल जीतकर राज्य का गौरव बढ़ाया

खबरें शेयर करें
नैनीताल: उत्तराखंड की बिड़खुरा गांव की बेटी प्रिया गोस्वामी ने पंतनगर विश्वविद्यालय में शानदार प्रदर्शन करते हुए चांसलर गोल्ड मेडल जीतकर पूरे राज्य का गौरव बढ़ाया है। वर्तमान में दिल्ली के NIT में एम.टेक कर रही प्रिया की यह उपलब्धि स्थानीय युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गई है।
पंतनगर स्थित गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में आयोजित समारोह में मुख्य अतिथि उत्तराखंड के राज्यपाल ले. जनरल (रि.) गुरमीत सिंह ने प्रिया गोस्वामी को गोल्ड मेडल प्रदान किया। इस अवसर पर कुल मंत्री गोपाल जोशी, सांसद अजय भट्ट और अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित रहे।
नैनीताल जिले के इंदिरा नगर द्वितीय, बिंदुखाता की निवासी प्रिया ने पूरे अध्ययन काल में निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया और विश्वविद्यालय में सर्वोच्च अंक प्राप्त किए। उनकी मेहनत और लगन को देखते हुए विश्वविद्यालय परिवार ने उन्हें विशेष सम्मान दिया।
प्रिया वर्तमान में राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (NIT) दिल्ली से एम.टेक की पढ़ाई कर रही हैं। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. जे.पी. सिंह ने कहा कि प्रिया जैसी छात्राएं न केवल संस्थान बल्कि पूरे उत्तराखंड के लिए गर्व का विषय हैं।
बिड़खुरा की इस होनहार बेटी की सफलता ग्रामीण क्षेत्र की लड़कियों को उच्च शिक्षा और लक्ष्य प्राप्ति की प्रेरणा दे रही है।