
खटीमा। राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत जनपद ऊधम सिंह नगर के खटीमा क्षेत्र के लोहिया हेड निवासी 8 वर्षीय बच्चे वीर को उच्च स्तरीय उपचार के लिए निशुल्क एम्बुलेंस से एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया है। बच्चे का उपचार वर्तमान में एम्स ऋषिकेश में जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बच्चे के माता-पिता ने उसके गंभीर स्वास्थ्य के संबंध में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को अवगत कराया था। मुख्यमंत्री के निर्देश पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एस.के. गोस्वामी ने बच्चे के उचित उपचार के लिए त्वरित कार्रवाई की।
बच्चे की गंभीर स्वास्थ्य स्थिति को देखते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) की टीम को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद बच्चे को आवश्यक चिकित्सीय स्टाफ के साथ निशुल्क वाहन उपलब्ध कराकर एम्स ऋषिकेश भेजा गया।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, बच्चे का निशुल्क उपचार किया जा रहा है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा उसके उपचार की निरंतर निगरानी भी की जा रही है।



