ऊधमसिंहनगर पुलिस का बड़ा एक्शन: 4.54 करोड़ के असली-नकली नोट बरामद, दो शातिर गिरफ्तार

खबरें शेयर करें

गदरपुर में फर्जी करेंसी रैकेट का पर्दाफाश, SSP अजय गणपति के ‘ऑपरेशन प्रहार’ से अपराधियों में मचा हड़कंप
रुद्रपुर। ऊधमसिंहनगर पुलिस ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए गदरपुर क्षेत्र में नकली नोटों के बड़े रैकेट का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से करीब 4 करोड़ 54 लाख रुपये मूल्य के असली एवं नकली नोट बरामद करते हुए दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बरामद नोटों में कई गड्डियों में ऊपर असली 500 रुपये के नोट तथा नीचे “Children Bank of India” अंकित नकली नोट पाए गए।
यह कार्रवाई मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के ‘अपराध मुक्त उत्तराखंड’ संकल्प के तहत अपराध एवं आर्थिक धोखाधड़ी के विरुद्ध चलाए जा रहे सख्त अभियान का हिस्सा है।
मुखबिर की सूचना पर गदरपुर पुलिस की त्वरित कार्रवाई
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार पुलिस अधीक्षक अपराध, पुलिस अधीक्षक काशीपुर तथा क्षेत्राधिकारी बाजपुर के पर्यवेक्षण में SHO भूपेंद्र सिंह बृजवाल के नेतृत्व में गदरपुर पुलिस क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग कर रही थी।
इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि सैफ्टा फार्म रोड स्थित पंचपुरी गूलरभोज के पास एक खोखे में भारी मात्रा में संदिग्ध नोट रखे गए हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने तत्काल दबिश देकर मौके से दो व्यक्तियों को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान भारी मात्रा में असली और नकली नोट बरामद हुए।
ऊपर असली, नीचे नकली नोट
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने कई गड्डियों में ऊपर असली भारतीय रिजर्व बैंक के 500 रुपये के नोट लगाकर नीचे नकली नोट रखे थे, ताकि लोगों को आसानी से धोखा दिया जा सके। अधिकांश नकली नोटों पर “Children Bank of India” अंकित था।
प्रारंभिक जांच में मामला बड़े स्तर पर नकली नोटों को बाजार में खपाने और आर्थिक अपराध से जुड़ा प्रतीत हो रहा है।
गिरफ्तार आरोपी
1. मुनतियाज पुत्र साहिद, निवासी केशव नगर वार्ड नंबर 6, थाना बाजपुर, ऊधमसिंहनगर
2. मनोज कुमार पुत्र दूधनाथ, निवासी ग्राम पंचपुरी कोपा गूलरभोज, थाना गदरपुर, ऊधमसिंहनगर
मुकदमा दर्ज
आरोपियों के खिलाफ कोतवाली गदरपुर में FIR संख्या 141/2026, धारा 179/180/3(5) BNS के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि नकली नोट कहां से लाए गए, इनके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं और इन्हें किन क्षेत्रों में खपाने की योजना थी।
बरामदगी
18 गड्डी नकली 500 रुपये के नोट
20 गड्डी ऊपर असली, नीचे नकली नोट
22 गड्डी “Children Bank of India” अंकित नकली नोट
12 गड्डी मिश्रित असली-नकली नोट
15 गड्डी ऊपर असली, नीचे नकली नोट
एक बैग में 157 गड्डी नकली नोट
कुल बरामदगी: लगभग ₹4.54 करोड़
SSP अजय गणपति का संदेश
एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि जनपद में नकली नोट, नशा, आर्थिक अपराध और संगठित अपराध में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। ऊधमसिंहनगर पुलिस पूरी सतर्कता और पेशेवर दक्षता के साथ अपराधियों पर लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम
SHO भूपेंद्र सिंह बृजवाल, उ0नि0 सुरेंद्र सिंह खड़ायत, उ0नि0 मुकेश मिश्रा, हेड कांस्टेबल जगवीर सिंह, कांस्टेबल लक्ष्मण कुमार, रघुवर सिंह एवं अमित देवरानी शामिल रहे।