पुलिस लाइन रुद्रपुर में शुक्रवार परेड संपन्न, एसएसपी ने जवानों को दिए फिटनेस और अनुशासन के निर्देश

खबरें शेयर करें

रुद्रपुर। रिजर्व पुलिस लाइन रुद्रपुर में शुक्रवार को साप्ताहिक परेड का आयोजन किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक उधम सिंहनगर के निर्देशन में आयोजित इस परेड में पुलिस कार्यालय और पुलिस लाइन के जवानों ने प्रतिभाग किया।
परेड के दौरान एसएसपी अजय गणपति ने जवानों के टर्नआउट का बारीकी से निरीक्षण किया और अधिकारियों व कर्मचारियों को विभाग की गरिमा बनाए रखने के लिए अनुशासन का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।
इस दौरान एसएसपी ने जवानों को मानसिक और शारीरिक रूप से फिट रहने के लिए नियमित व्यायाम अपनाने तथा बेहतर स्वास्थ्य प्रबंधन पर जोर दिया। साथ ही भविष्य की चुनौतियों और कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के उद्देश्य से शस्त्रों के संचालन और रखरखाव संबंधी आवश्यक जानकारी भी दी गई।
परेड समाप्त होने के बाद एसएसपी ने पुलिस लाइन की विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।