
रामनगर (नैनीताल)। उत्तराखंड में अवैध खनन के खिलाफ वन विभाग ने सख्त कार्रवाई करते हुए दो डंपरों को सीज किया है। यह कार्रवाई रामनगर वन प्रभाग के अंतर्गत कटियापुल क्षेत्र में औचक निरीक्षण के दौरान की गई।
प्रभागीय वनाधिकारी प्रकाश आर्य के निर्देशन में वन विभाग की टीम ने क्षेत्र में सघन गश्त और छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान टीम ने मौके पर अवैध रूप से खनन करते हुए एक 10 टायर और एक 6 टायर डंपर को पकड़ा। दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर कटियापुल चौकी में वन अभिरक्षा में सुरक्षित खड़ा कर दिया गया है।
वन विभाग ने संबंधित धाराओं के तहत विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में अवैध खनन किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और भविष्य में भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे।
इस कार्रवाई में वन दरोगा सुरजीत सिंह, बीट अधिकारी जगदीश प्रसाद, वन आरक्षी धीरज कुमार, आशुतोष, हिमांशु, आकाश और वाहन चालक कमलेश सहित पूरी टीम शामिल रही।



