
नैनीताल, 10 अप्रैल 2026: जनपद में उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा और अवैध वसूली को रोकने के लिए जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के नेतृत्व में जिला प्रशासन ने सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। मदिरा दुकानों पर अधिकतम खुदरा मूल्य (MRP) से अधिक दाम वसूलने की लगातार मिल रही शिकायतों का संज्ञान लेते हुए प्रशासन ने शुक्रवार को पूरे जनपद में व्यापक स्तर पर औचक निरीक्षण अभियान चलाया।
जिलाधिकारी के निर्देशानुसार प्रशासन की विभिन्न टीमों ने नैनीताल, कालाढूंगी, हल्द्वानी, रामनगर, भीमताल और लालकुआं तहसील क्षेत्रों में एक साथ छापेमारी की। इस कार्रवाई के दौरान रामनगर (रानीखेत रोड), लालकुआं, हल्द्वानी की देशी मदिरा दुकानों सहित मुखानी, जवाहर नगर, मंडी तीनपानी बाईपास, बैलपड़ाव और तल्लीताल जैसी विदेशी मदिरा दुकानों पर गंभीर अनियमितताएं पाई गईं। जाँच में यह स्पष्ट हुआ कि कई विक्रेता निर्धारित एमआरपी से अधिक दरों पर मदिरा बेचकर आम जनता का आर्थिक शोषण कर रहे थे।
इन अनियमितताओं के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 64/74 के तहत तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित विक्रेताओं पर कुल ₹3,05,000का जुर्माना लगाया गया, जिसे मौके पर ही सरकारी राजस्व में जमा कराया गया। प्रशासन ने समस्त लाइसेंस धारकों को स्पष्ट चेतावनी दी है कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के नियमों का उल्लंघन कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
जनपद प्रशासन ने आमजन से भी अपील की है कि यदि वे किसी भी दुकान पर ओवररेटिंग या अन्य अनियमितता देखते हैं, तो तुरंत इसकी सूचना संबंधित अधिकारियों को दें ताकि समयबद्ध और कठोर कार्रवाई की जा सके।


