काशीपुर पुलिस की बड़ी सफलता: 12 घंटे में बिजली केबल चोरी का खुलासा, 45 कुंतल केबल के साथ 2 गिरफ्तार

खबरें शेयर करें
काशीपुर:उधमसिंह नगर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए बिजली केबल चोरी की बड़ी घटना का मात्र 12 घंटे के भीतर सफल अनावरण किया है। पुलिस ने चोरी की गई भारी मात्रा में केबल के साथ दो अभियुक्तों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
घटना के अनुसार, 9 अप्रैल को अवर अभियंता अकरम ने कुंडेश्वरी उपकेंद्र से करीब 12 से 15 कुंतल एचटी केबल चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसके अतिरिक्त, कुंडा थाना क्षेत्र में भी इसी तरह की चोरी का मामला सामने आया था। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन और प्रभारी निरीक्षक हरेंद्र चौधरी के नेतृत्व में गठित टीम ने एसटीएफ कुमाऊं यूनिट के साथ मिलकर संयुक्त अभियान चलाया।
पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर रुद्रपुर के धर्मपुर स्थित एक गोदाम पर छापेमारी कर आफताब अली और जीशान को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से दोनों मुकदमों से संबंधित कुल 45 कुंतल बिजली केबल बरामद की गई। इसके साथ ही घटना में प्रयुक्त एक स्कॉर्पियो (UK18D-4683), एक पिकअप (UP25ET-3009) और केबल काटने के उपकरण (कैंची व कटर) भी जब्त किए गए हैं।
इस त्वरित कार्रवाई में काशीपुर पुलिस, कुंडा पुलिस और एसटीएफ की टीम ने अहम भूमिका निभाई। पुलिस अब अभियुक्तों के पुराने रिकॉर्ड खंगाल रही है ताकि इस गिरोह के अन्य नेटवर्क का पता लगाया जा सके।