प्राचीन कुएं व धर्मशाला के जीर्णोद्धार की मांग, मेयर ने दिया आश्वासन

खबरें शेयर करें
काशीपुर में वार्ड-31 स्थित प्राचीन कुएं और धर्मशाला के जीर्णोद्धार की मांग जोर पकड़ रही है। स्थानीय लोगों ने इस संबंध में मेयर दीपक बाली को ज्ञापन सौंपकर जल्द कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन में बताया गया कि कटोराताल क्षेत्र के छावनी मोड़ के पास स्थित यह प्राचीन कुआं और धर्मशाला कभी सामाजिक गतिविधियों का केंद्र हुआ करता था, लेकिन वर्तमान में यह पूरी तरह जर्जर अवस्था में है। कुएं का पानी भी सफाई के अभाव में दूषित हो चुका है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यहां मंदिर निर्माण या बैठने की उचित व्यवस्था की जाए, ताकि समाज के लोग पुनः यहां अपने कार्यक्रम आयोजित कर सकें।
इस दौरान नारायण दास सहित अन्य लोगों ने मेयर से इस ऐतिहासिक स्थल के संरक्षण की अपील की। मेयर दीपक बाली ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशानुसार शहर के सभी प्राचीन कुओं के सौंदर्यीकरण की योजना बनाई गई है। इसके तहत कुओं को अतिक्रमण मुक्त कर उनका पुनर्जीवन किया जाएगा।
ज्ञापन देने वालों में भूकनलाल दिवाकर, मुख्तार खान, सुरेश कुमार सहित कई स्थानीय नागरिक शामिल रहे।