
रुद्रपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधम सिंह नगर अजय गणपति के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली ट्रांजिट कैंप पुलिस ने वाहन चोरी के एक मामले का सफल खुलासा करते हुए चोरी की गई स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद कर तीन शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, 4 जून 2026 को जगतपुरा वार्ड-6 निवासी अंकुश प्रजापति ने उत्तराखंड पुलिस मोबाइल एप के माध्यम से ई-एफआईआर दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 2 जून की रात घर के बाहर खड़ी उनकी स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल (संख्या UK06L-9237) चोरी हो गई थी। मामले में ट्रांजिट कैंप थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2) के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी साक्ष्यों के साथ पारंपरिक पुलिसिंग का सहारा लेते हुए आरोपियों की तलाश शुरू की।
9 जुलाई की रात सघन चेकिंग अभियान के दौरान उपनिरीक्षक प्रकाश चंद्र अपनी टीम के साथ परशुराम चौक से आनंदपुर रोड की ओर गश्त कर रहे थे। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर बैठे तीन युवकों को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखकर तीनों भागने लगे, लेकिन घेराबंदी कर उन्हें दबोच लिया गया।
पूछताछ और जांच में बरामद मोटरसाइकिल चोरी की निकली, जिसकी पुष्टि ट्रांजिट कैंप थाने में दर्ज मुकदमा संख्या 190/2026 से हुई। इसके बाद मुकदमे में बीएनएस की धारा 3(5) एवं 317(2) की बढ़ोतरी करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
गिरफ्तार आरोपी
अंश खत्री उर्फ अक्की (19 वर्ष)
रजत (22 वर्ष)
कमल मौर्य (21 वर्ष)
बरामदगी
चोरी की एक स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल (UK06L-9237)
एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि जनपद में अपराध और अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। वाहन चोरी जैसी घटनाओं में शामिल अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से अपने वाहनों को सुरक्षित स्थान पर खड़ा करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।



