
कांग्रेस आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर नेताओं और विधायकों का इंटरनल सर्वे कराएगी. जिसके बाद सीईसी में उन नामों पर चर्चा होगी.
देहरादून: आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने तैयारियां तेज कर दी हैं. कांग्रेस की ओर से सभी विधानसभा क्षेत्र में विधायकों और चुनाव लड़ने की दावेदारी कर रहे नेताओं का इंटरनल सर्वे कराया जाएगा. कांग्रेस की प्रदेश प्रवक्ता डॉक्टर प्रतिमा सिंह ने कहा कि इसके लिए पार्टी स्तर पर तैयारी की जा रही है. उन्होंने बताया कि कांग्रेस पार्टी चुनाव लड़ने के इच्छुक नेताओं के कामकाज, क्षेत्र में उनकी सक्रियता और संगठन के साथ समन्वय सहित विभिन्न पहलुओं पर विशेष फोकस करेगी.
कांग्रेस की प्रदेश प्रवक्ता डॉक्टर प्रतिमा सिंह ने कहा पार्टी के टिकट डिस्ट्रीब्यूशन को लेकर कई सारे चरण होते हैं. इसमें सबसे महत्वपूर्ण इंटरनल सर्वे होता है. एक सर्वे ऑल इंडिया कांग्रेस की तरफ से करवाया जाता है. जिसकी जानकारी किसी को नहीं होती है. यह भी माना जा सकता है कि शीर्ष नेतृत्व की तरफ से उत्तराखंड कांग्रेस के नेताओं और विधायकों का सर्वे कराया जा रहा होगा जिसकी सूचना किसी को नहीं दी गई होगी.
प्रतिमा सिंह ने बताया कांग्रेस नेता राहुल गांधी विशेष कर उत्तराखंड में आगामी समय में होने जा रहे विधानसभा चुनाव को लेकर अपना इंटरेस्ट जता रहे हैं. राहुल गांधी की तरफ से भी यह सर्वे कराया जा रहा होगा. दूसरा सर्वे उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व की तरफ से कराया जाएगा. इसमें चुनाव लड़ने के इच्छुक नेता या फिर सीटिंग विधायक की जनता के बीच में छवि, विधानसभा क्षेत्र में जनता के बीच उनका संवाद, पार्टी में उनका समर्थन और समर्पण जैसी सभी पहलुओं को परखा जाएगा.
इसमें यह भी देखा जाएगा की कौन नेता पार्टी के विचारधारा को प्रचारित कर रहा है? कौन पार्टी को अधिक समय दे रहा है? विधानसभा क्षेत्र में ऐसा कौन सा नेता है जो जनता के सुख-दुख में तटस्थ खड़ा है? इस सर्वे की रिपोर्ट सलेक्शन कमेटी के पास जाएगी. इस प्रक्रिया के बाद सलेक्शन कमेटी की तरफ से प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र से कुछ नामों पर विचार किया जाएगा. इसके बाद हर विधानसभा क्षेत्र से चुने गए नामों की चर्चा सीईसी की बैठक में की जायेगी. सर्वे से मिली रिपोर्ट, सीईसी में विचार विमर्श के बाद ही विधानसभा चुनाव के लिए कैडिडेट फाइनल किया जाएगा.



