
रुड़की: हरिद्वार जिले के रुड़की में खाद्य सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़ा करने वाला एक बेहद ही चौंकाने वाला मामला सामने आया है. दरअसल, शहर की एक किराने की दुकान से खरीदे गए रस्क पीस के पैकेट में कथित तौर पर मृत छिपकली का बच्चा मिलने से हड़कंप मच गया. पैकेट खुलते ही परिवार के लोगों के होश उड़ गए और देखते ही देखते यह मामला पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया.
रस्क के पैकेज में निकली मरी छिपकली: हरिद्वार जिले के रुड़की गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के रामपुर चुंगी स्थित ग्रीन पार्क कॉलोनी में एक ग्राहक ने अपने परिवार के लिए स्थानीय किराना की दुकान से एक रस्क (रस) पीस का पैकेट खरीदा था. घर पहुंचकर नाश्ता करने के लिए जैसे ही पैकेट खोला गया, तो उसमें रस्क पीस के ऊपर फंगस जैसा निशान दिखाई दिया. उन्होंने कमरे की लाइट जलाई और गौर से देखा तो रस्क पीस के ऊपर एक मृत छिपकली का बच्चा दिखाई दिया.
नाश्ते के लिए खरीदा था रस्क का पैकेट: यह नजारा देखकर परिवार के सदस्य दंग रह गए. वह रस्क का पैकेट लेकर दुकानदार के पास पहुंचे और दुकान स्वामी को पूरी जानकारी देते हुए रस्क पीस पर चिपका छिपकली का बच्चा दिखाया गया. इसके बाद दुकानदार ने रस्क पीस सप्लाई करने वाले व्यक्ति को फोन के माध्यम से जानकारी दी. साथ ही सप्लायर को मौके पर आने के लिए कहा गया. लेकिन सप्लायर नहीं पहुंचा.
ग्राहक ने कार्रवाई की मांग की: उधर, पीड़ित ग्राहक का कहना है कि यदि बिना देखे यह खाद्य पदार्थ खा लिया जाता, तो किसी की भी तबीयत बिगड़ सकती थी और गंभीर स्वास्थ्य संबंधी घटना भी हो सकती थी. पीड़ित ग्राहक ने आरोप लगाया कि जिस बेकरी से यह पैकेट आया है, वहां पर गुणवत्ता और खाद्य सुरक्षा के मानकों की अनदेखी की जा रही है. ग्राहक का कहना है कि जब उसने रस्क पीस के पैकेट पर दिए गए टोल फ्री नंबर पर सम्पर्क किया, तो उनका फोन रिसीव नहीं किया गया.
लोगों ने जान से खिलवाड़ बताया: वहीं इस घटना के सामने आने के बाद लोगों में खाद्य उत्पादों की गुणवत्ता को लेकर चिंता बढ़ गई है. ग्राहक ने प्रशासन से मांग की है कि संबंधित उत्पाद और बैच की तत्काल जांच कराई जाए. इसी के साथ रस्क बनाने वाली बेकरी का भी निरीक्षण किया जाए. यदि किसी स्तर पर लापरवाही या नियमों का उल्लंघन पाया जाता है तो संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए. साथ ही उन्होंने दोषियों पर ऐसी कार्रवाई की भी मांग की है ताकि भविष्य में कोई अन्य परिवार इस तरह की घटना का शिकार न हो. उधर, स्थानीय नागरिकों का कहना है कि बाजार में बिकने वाले खाद्य पदार्थों की नियमित जांच होनी चाहिए, ताकि लोगों की जान से खिलवाड़ करने वालों पर समय रहते कार्रवाई हो सके.
रस्क बनाने वाली बेकरी ने फोन नहीं उठाया: वहीं जब रस्क के पैकेट पर दिए गए टोल फ्री नंबर पर ईटीवी भारत ने जानकारी जुटाने के लिए संपर्क किया, तो फोन रिसीव नहीं किया गया. अब देखने वाली बात होगी कि खाद्य सुरक्षा विभाग और प्रशासन इस मामले में किया कार्रवाई करता है. वहीं लोगों की नजर इस बात पर टिकी है कि जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं और जिम्मेदारों के खिलाफ क्या कार्रवाई की जाती है.
फ़ूड इंस्पेक्टर योगेश पांडे का कहना है कि मामला उनके संज्ञान में आया है. ग्राहक की तरफ से शिकायती पत्र मिलने पर मामले जांच पड़ताल कर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी.


