
रुद्रपुर में 20 अक्टूबर को रावण दहन के दौरान बदलेगी यातायात व्यवस्था, गांधी पार्क के आसपास वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध; पुलिस ने जारी की पार्किंग और रूट डायवर्जन की एडवाइजरी
रुद्रपुर। विजयादशमी पर्व और रावण दहन कार्यक्रम को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए ऊधम सिंह नगर पुलिस ने रुद्रपुर शहर में विशेष यातायात एवं रूट डायवर्जन प्लान लागू किया है। एसएसपी अजय गणपति के निर्देशानुसार यह व्यवस्था 20 अक्टूबर 2026 को सुबह 7 बजे से कार्यक्रम की समाप्ति तक प्रभावी रहेगी। पुलिस ने आमजन से निर्धारित मार्गों का पालन करने और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।
सुबह 7 बजे से भारी वाहनों की नो-एंट्री
पर्व के मद्देनजर शहर में भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। इसके लिए गाबा चौक/पुलिस लाइन तिराहा, किच्छा रोड, एएन झा इंटर कॉलेज/एमेंटिटी स्कूल क्षेत्र, काशीपुर रोड, रामपुर बॉर्डर और पार्ले चौक, नैनीताल रोड पर नो-एंट्री लागू रहेगी। भारी वाहन निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल कर अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे।
शाम 4 बजे से लागू होगा रूट डायवर्जन
गांधी पार्क में रावण दहन कार्यक्रम को देखते हुए शाम 4 बजे से कार्यक्रम समाप्त होने तक आवश्यकतानुसार यातायात डायवर्जन लागू रहेगा।
* काशीपुर और हरिद्वार की ओर से आने वाले वाहन: रामपुर, दिल्ली, किच्छा, सितारगंज, हल्द्वानी और नैनीताल की ओर जाने के लिए एमेंटिटी स्कूल से रिंग रोड का प्रयोग करेंगे।
* रामपुर और दिल्ली की ओर से आने वाले वाहन: काशीपुर, हरिद्वार, किच्छा, सितारगंज, हल्द्वानी और नैनीताल की ओर जाने के लिए रामपुर बाईपास से रिंग रोड का प्रयोग करेंगे।
* किच्छा और सितारगंज की ओर से आने वाले वाहन: रामपुर, दिल्ली, काशीपुर, हरिद्वार, हल्द्वानी और नैनीताल की ओर जाने के लिए राधा स्वामी सत्संग के निकट बने फ्लाईओवर के पास से रिंग रोड का प्रयोग करेंगे।
* हल्द्वानी और नैनीताल की ओर से आने वाले वाहन: रामपुर, दिल्ली, काशीपुर और हरिद्वार की ओर जाने के लिए पार्ले चौक से रिंग रोड का प्रयोग करेंगे।
गांधी पार्क के आसपास वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित
रावण दहन कार्यक्रम के दौरान शाम 4 बजे से फल मंडी/बाटा चौक से अग्रसेन चौक के बीच दोपहिया और चौपहिया वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। वहीं, विशाल चौक से डीडी चौक की ओर जाने वाले वाहनों को निर्धारित वैकल्पिक मार्गों से निकाला जाएगा।
इन स्थानों पर होगी पार्किंग की व्यवस्था
कार्यक्रम में पहुंचने वाले लोगों की सुविधा के लिए पुलिस ने चार स्थानों पर पार्किंग निर्धारित की है।
* गल्ला मंडी
* फल मंडी के सामने
* विशाल मेगा मार्ट पार्किंग
* सिंचाई विभाग का मैदान
प्रमुख चौराहों पर तैनात रहेगा पुलिस बल
यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए फल मंडी, बाटा चौक, अग्रसेन चौक, गाबा चौक, विशाल चौक, डीडी चौक, पॉल चौक, एमेंटिटी स्कूल डायवर्जन प्वाइंट, रामपुर बॉर्डर, राधा स्वामी सत्संग डायवर्जन प्वाइंट और गंगापुर मोड़ सहित प्रमुख स्थानों पर बैरियर लगाए जाएंगे तथा पुलिस बल तैनात रहेगा।
पुलिस की आमजन से अपील
ऊधम सिंह नगर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि विजयादशमी के दौरान यातायात नियमों और निर्धारित डायवर्जन प्लान का पालन करें। अपने वाहन केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर खड़े करें और यातायात पुलिस का सहयोग करें, ताकि रावण दहन कार्यक्रम सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके।


