नानकमत्ता में गैंगस्टर तारा सिंह के अवैध साम्राज्य पर चला बुलडोजर, 50 लाख की सरकारी जमीन कब्जामुक्त

खबरें शेयर करें

नानकमत्ता। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अपराध और नशे के कारोबार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत ऊधमसिंह नगर पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत नानकमत्ता क्षेत्र के कुख्यात हिस्ट्रीशीटर एवं गैंगस्टर तारा सिंह के अवैध निर्माण पर बुलडोजर चलाकर लगभग दो एकड़ सरकारी भूमि को कब्जामुक्त कराया गया।
पुलिस जांच में सामने आया कि तारा सिंह और उसके परिजनों ने नानकसागर बांध स्थित सिंचाई विभाग की भूमि पर अवैध अतिक्रमण कर पक्का निर्माण कर रखा था। आरोप है कि इस स्थान का उपयोग लंबे समय से अवैध मादक पदार्थों की बिक्री और तस्करी से जुड़ी गतिविधियों के लिए किया जा रहा था।
शनिवार को तहसील प्रशासन, सिंचाई विभाग, पुलिस, पीएसी और फायर सर्विस की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था के बीच बुलडोजर से अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान एक अवैध धार्मिक संरचना (मजार) को भी हटाया गया। प्रशासन के अनुसार कब्जामुक्त कराई गई भूमि का बाजार मूल्य 50 लाख रुपये से अधिक है।
पुलिस के अनुसार तारा सिंह के खिलाफ डकैती, लूट, अपहरण, हत्या के प्रयास, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट समेत 27 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। वर्तमान में वह जेल में निरुद्ध है। उसके परिवार के अन्य सदस्यों के खिलाफ भी एनडीपीएस और आबकारी अधिनियम के तहत कई मुकदमे दर्ज हैं।
एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि जनपद में नशा तस्करों, गैंगस्टरों और संगठित अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। अपराध से अर्जित अवैध संपत्तियों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी तथा सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने का अभियान आगे भी जारी रहेगा।