
रुद्रपुर। किच्छा एवं सिरौलीकलां नगर पालिका निर्वाचन को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए ऊधमसिंहनगर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद कर ली है। एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। मतदान केंद्रों और उनके आसपास पुलिस की लगातार निगरानी रहेगी।
निर्वाचन ड्यूटी में तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। पुलिस का मुख्य फोकस शांतिपूर्ण मतदान के साथ मतदाताओं को सुरक्षित एवं भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराना है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल को अलर्ट मोड पर रखा गया है।
भारी पुलिस बल रहेगा तैनात
किच्छा एवं सिरौलीकलां नगर पालिका निर्वाचन के लिए 01 पुलिस अधीक्षक, 01 क्षेत्राधिकारी, 03 निरीक्षक, 22 उपनिरीक्षक, 24 हेड कांस्टेबल, 72 कांस्टेबल, 24 महिला कांस्टेबल, 15 फायरमैन और 25 होमगार्ड तैनात किए गए हैं। इसके अलावा पीएसी पुरुष की 1.5 सेक्शन और पीएसी महिला की 1.5 सेक्शन भी निर्वाचन ड्यूटी में तैनात रहेगी।
एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर पुलिस द्वारा मतदान प्रक्रिया के दौरान प्रत्येक गतिविधि पर पैनी नजर रखी जाएगी। पुलिस प्रशासन ने शांतिपूर्ण एवं सकुशल निर्वाचन संपन्न कराने के लिए सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूरी तैयारी कर ली है।




