सीएमओ का एल.डी. भट्ट अस्पताल में दस्तक, Emergency-ICU से लेकर शौचालयों तक की जांच

खबरें शेयर करें

मरीजों से सीधे संवाद कर जाना स्वास्थ्य सेवाओं का हाल, CMS को दवाइयों की उपलब्धता और साफ-सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश

काशीपुर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजीव गोस्वामी ने गुरुवार को एल.डी. भट्ट उप जिला चिकित्सालय, काशीपुर का औचक निरीक्षण किया। अचानक हुए निरीक्षण से अस्पताल प्रशासन में भी सक्रियता देखने को मिली। CMO ने अस्पताल की व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लेते हुए मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया।

निरीक्षण के दौरान डॉ. संजीव गोस्वामी ने अस्पताल में भर्ती मरीजों से सीधे बातचीत की और उनका हालचाल जाना। उन्होंने मरीजों से उपचार की स्थिति, स्वास्थ्य सेवाओं और दवाइयों की उपलब्धता के संबंध में जानकारी ली तथा किसी प्रकार की समस्या होने पर उसके तत्काल समाधान के निर्देश दिए।

Emergency से ICU और NICU तक निरीक्षण

CMO ने अस्पताल के Emergency, सामान्य वार्ड, ICU और NICU का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित व्यवस्थाओं को देखा और अधिकारियों से मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सा सुविधाओं की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने निर्देश दिए कि गंभीर मरीजों को उपचार में किसी प्रकार की देरी न हो और आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं समय पर उपलब्ध कराई जाएं।

मरीजों को दवा और उपचार समय पर मिले

मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. संदीप दीक्षित को निर्देशित करते हुए CMO ने कहा कि मरीजों और उनके तीमारदारों को अस्पताल में किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। सभी आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ मरीजों को समय पर उपचार उपलब्ध कराया जाए।

शौचालयों की सफाई पर CMO की खास नजर

निरीक्षण के दौरान अस्पताल परिसर और वार्डों के साथ-साथ शौचालयों की साफ-सफाई व्यवस्था पर भी CMO ने विशेष ध्यान दिया। उन्होंने साफ-सफाई में आवश्यक सुधार के निर्देश देते हुए कहा कि अस्पताल में मरीजों और उनके परिजनों को स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण मिलना जरूरी है।

CMO ने CMS को निर्देश दिए कि अस्पताल में स्वच्छता के उच्च मानकों का नियमित पालन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही मरीजों की सुविधा, बेहतर उपचार और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।