
कोतवाली जसपुर की बाजार चौकी में तैनात थे होमगार्ड दीक्षित चौहान, 2021 में हुए थे विभाग में भर्ती
जसपुर। कोतवाली जसपुर में तैनात होमगार्ड जवान दीक्षित चौहान का सड़क दुर्घटना में आकस्मिक निधन हो गया। उनके निधन की खबर से पुलिस एवं होमगार्ड विभाग में शोक की लहर दौड़ गई। ऊधमसिंहनगर पुलिस परिवार ने दिवंगत जवान को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक-संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।
जानकारी के अनुसार, स्वर्गीय दीक्षित चौहान पुत्र उपेंद्र प्रताप सिंह चौहान, निवासी ग्राम धरमपुर, जसपुर, ऊधमसिंहनगर, वर्ष 2021 में होमगार्ड विभाग में भर्ती हुए थे। वर्तमान में वह कोतवाली जसपुर की बाजार चौकी में अपनी सेवाएं दे रहे थे।
बताया गया कि बीती रात सड़क दुर्घटना में वह गंभीर रूप से घायल हो गए, जिसके बाद उनका आकस्मिक निधन हो गया। उनके असामयिक निधन से परिजनों, सहकर्मियों और पुलिस परिवार में गहरा दुःख है।
ऊधमसिंहनगर पुलिस परिवार ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि दीक्षित चौहान का आकस्मिक निधन विभाग एवं परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है। पुलिस परिवार इस दुःख की घड़ी में शोकाकुल परिजनों के साथ खड़ा है।
पुलिस परिवार ने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा शोक-संतप्त परिवार को इस कठिन समय में धैर्य, साहस और शक्ति प्रदान करें।


