
काशीपुर। 28 जुलाई 2026 उत्तराखंड में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच कांग्रेस ने अपनी राजनीतिक गतिविधियां तेज कर दी हैं। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की 8 अगस्त को हल्द्वानी के रामलीला मैदान में प्रस्तावित विशाल जनसभा को लेकर कांग्रेस ने जनसंपर्क अभियान शुरू कर दिया है। कांग्रेस नेताओं का दावा है कि यह जनसभा आगामी विधानसभा चुनाव का राजनीतिक बिगुल साबित होगी, जिसमें प्रदेश और केंद्र सरकार की कथित नीतियों, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार तथा जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा।
काशीपुर में आयोजित पत्रकार वार्ता में उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव अनुपम शर्मा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी पूरे प्रदेश में आमजन से बड़ी संख्या में हल्द्वानी पहुंचकर राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के विचार सुनने की अपील कर रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी ने वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियां अभी से शुरू कर दी हैं और हल्द्वानी की जनसभा इसी अभियान का महत्वपूर्ण हिस्सा होगी।
अनुपम शर्मा ने आरोप लगाया कि डबल इंजन की सरकार होने के बावजूद उत्तराखंड अपेक्षित विकास नहीं कर पाया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश का पढ़ा-लिखा युवा बेरोजगारी से जूझ रहा है, सरकारी नौकरियों में अनिश्चितता बनी हुई है और भर्ती परीक्षाओं में पेपर लीक जैसी घटनाओं ने युवाओं का विश्वास कमजोर किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार जनता से किए गए वादों को पूरा करने में विफल रही है तथा प्रदेश में भ्रष्टाचार, खनन माफिया और प्रशासनिक अव्यवस्था का माहौल बना हुआ है।
कांग्रेस संगठन की स्थिति पर बोलते हुए अनुपम शर्मा ने कहा कि पार्टी पूरी तरह एकजुट है और किसी प्रकार की अंतर्कलह नहीं है। उन्होंने कहा कि रुद्रपुर में आयोजित हालिया तैयारी बैठक में सभी वरिष्ठ नेता और विधायक एक मंच पर मौजूद रहे, जिससे संगठन की मजबूती स्पष्ट हुई। उन्होंने कहा कि बड़े राजनीतिक दलों में मतभेद स्वाभाविक हैं, लेकिन कांग्रेस मजबूती के साथ चुनाव लड़ने के लिए तैयार है।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, छात्रों से जुड़े मुद्दे, विकास और जनहित के प्रश्न कांग्रेस के प्रमुख चुनावी एजेंडे होंगे। उनका आरोप था कि भाजपा लोकतांत्रिक कार्यक्रमों को प्रभावित करने का प्रयास करती रही है, लेकिन जनता का समर्थन कांग्रेस के साथ है और इसी कारण 8 अगस्त की जनसभा ऐतिहासिक होगी।



