
बाजपुर। अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत ऊधम सिंह नगर आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। जिलाधिकारी ऊधम सिंह नगर एवं आबकारी आयुक्त के निर्देश पर जिला आबकारी अधिकारी महेंद्र सिंह बिष्ट के नेतृत्व में क्षेत्र-4 बाजपुर की आबकारी टीम ने महौली जंगल में छापेमारी की।
कार्रवाई के दौरान टीम ने नाले किनारे संचालित अवैध शराब की भट्टी को नष्ट कर दिया। मौके से करीब 35 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की गई, जबकि लगभग 3000 किलोग्राम लहन को मौके पर ही नष्ट किया गया।
मामले में आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत अभियोग पंजीकृत कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
इस अभियान में आबकारी निरीक्षक महेंद्र सिंह बिष्ट के नेतृत्व में प्रधान आबकारी सिपाही पवन कुमार कम्बोज, आबकारी सिपाही वंदना घिल्डियाल, रेनुका बोरा, अर्चना यादव सहित विभागीय कर्मचारी मौजूद रहे।
आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा।



