
रुद्रपुर। देशभर में लगातार सामने आ रहे प्रश्नपत्र लीक, भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं, लंबित भर्ती प्रक्रियाओं और युवाओं के भविष्य से हो रहे खिलवाड़ के विरोध में शनिवार को पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल एवं महानगर कांग्रेस अध्यक्ष ममता रानी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट परिसर में सांकेतिक प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद उप जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन भेजकर परीक्षा प्रणाली में व्यापक सुधार और दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की गई।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने कहा कि देश का युवा शिक्षा और रोजगार के गंभीर संकट से जूझ रहा है। वर्षों की मेहनत के बावजूद प्रश्नपत्र लीक, परीक्षाओं के निरस्तीकरण और भर्ती प्रक्रियाओं में अनावश्यक देरी से लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता, निष्पक्षता और जवाबदेही सुनिश्चित करना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।
महानगर कांग्रेस अध्यक्ष ममता रानी ने कहा कि बार-बार हो रहे पेपर लीक और भर्ती घोटालों से युवाओं का सरकारी संस्थाओं पर भरोसा कमजोर हुआ है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की छात्रा रिया कुमारी की आत्महत्या जैसी घटनाएं शिक्षा और रोजगार व्यवस्था की गंभीर चुनौतियों को उजागर करती हैं। सरकार को युवाओं के हितों की रक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने चाहिए।
राष्ट्रपति के नाम भेजे गए ज्ञापन में प्रश्नपत्र लीक एवं भर्ती घोटालों की निष्पक्ष और समयबद्ध जांच, नकल माफिया एवं संगठित गिरोहों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई, परीक्षा एवं भर्ती प्रणाली को पारदर्शी और जवाबदेह बनाने, लंबित भर्ती प्रक्रियाओं को शीघ्र पूरा करने, प्रतियोगी परीक्षार्थियों के मानसिक स्वास्थ्य के लिए परामर्श व्यवस्था शुरू करने तथा परीक्षा संबंधी लापरवाही के लिए जिम्मेदार अधिकारियों और संस्थाओं की जवाबदेही तय करने की मांग की गई। साथ ही युवाओं के भविष्य की सुरक्षा के लिए प्रभावी राष्ट्रीय नीति बनाने और केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की भी मांग उठाई गई।
इस दौरान पवन बिष्ट, प्रीति साना, ललित बिष्ट, राम सेवक कोली, दिनेश कोली, अशोक राय, इन्द्र सिंह रौतेला, शिवपद सरकार, अशोक यादव, उमा सरकार, बेबी सिकदार, प्रदीप यादव, रिक्की गुप्ता सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


