
रुद्रपुर। संत शिरोमणि कबीर साहब की जयंती के अवसर पर 29 जून को रम्पुरा स्थित श्री दुर्गा मंदिर चौराहे पर आयोजित होने वाले चतुर्थ सामूहिक विवाह समारोह की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। रविवार को दुर्गा मंदिर परिसर में आयोजित बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा को अंतिम रूप देते हुए विभिन्न व्यवस्थाओं की जिम्मेदारियां पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को सौंपी गईं।
बैठक को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने बताया कि कोली समाज एवं सर्व समाज के सहयोग से इस वर्ष सात निर्धन कन्याओं का विवाह वैदिक रीति-रिवाज के अनुसार संपन्न कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों के सामूहिक विवाह की यह परंपरा समाज के सहयोग से लगातार आगे बढ़ रही है और इस वर्ष भी सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
उन्होंने बताया कि विवाह समारोह श्री दुर्गा मंदिर के सामने स्थित प्रांगण में आयोजित होगा। विवाह से पूर्व रम्पुरा बस्ती में सभी सात दूल्हों की बारात पारंपरिक रीति-रिवाजों और उत्साह के साथ निकाली जाएगी। इसके बाद वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विवाह की सभी रस्में संपन्न होंगी। उन्होंने क्षेत्रवासियों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर नवदंपतियों को आशीर्वाद देने की अपील की।
कार्यक्रम संयोजक हिम्मत राम कोली ने बताया कि विवाह समारोह के साथ शिव मंदिर चौरासी घंटा परिसर में विशाल भंडारे का आयोजन भी किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नवविवाहित जोड़ों को गृहस्थ जीवन की शुरुआत के लिए घरेलू उपयोग का आवश्यक सामान उपहार स्वरूप प्रदान किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि प्रत्येक जोड़े को वाशिंग मशीन, एलईडी टीवी, साइकिल, बैड, ड्रेसिंग टेबल, कुर्सी-मेज, बर्तन सेट, सिलाई मशीन, सीलिंग फैन, वाटर कूलर, प्रेशर कुकर, गद्दे, कपड़े, अलमारी, डिनर सेट सहित अन्य आवश्यक घरेलू सामग्री भेंट की जाएगी, ताकि वे अपने नए जीवन की शुरुआत बेहतर तरीके से कर सकें।


