
रुद्रपुर। ऊधमसिंह नगर जनपद में 80वां स्वतंत्रता दिवस राष्ट्रीय पर्व हर्षोल्लास और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। कलेक्ट्रेट परिसर में जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने ध्वजारोहण किया, जबकि विकास भवन में मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी ने तिरंगा फहराया।
कलेक्ट्रेट में आयोजित कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संविधान, जल संचय और पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई। इसके बाद जिलाधिकारी एवं अधिकारियों ने शहीद-ए-आजम उधम सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं उनके परिजनों को फूलमाला और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों और बलिदानियों के सपनों को साकार करना हम सभी की जिम्मेदारी है। देश और समाज के विकास में प्रत्येक नागरिक को अपनी भूमिका निभानी होगी। गरीब और वंचित वर्ग के उत्थान के लिए मिलकर कार्य करना ही स्वतंत्रता सेनानियों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
जिलाधिकारी ने युवाओं से लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ने और समाज के लिए रोल मॉडल बनने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं राज्य आंदोलनकारियों के योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए पुस्तिका का प्रकाशन कराया जाएगा। साथ ही पर्यावरण संरक्षण, खाद्य संरक्षण एवं जल संचय जैसे विषयों पर सामूहिक जिम्मेदारी के साथ कार्य करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की प्रेरणा से ऊधमसिंह नगर जनपद विकास के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ रहा है और नई ऊंचाइयों को छू रहा है।
अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय तथा स्वतंत्रता संग्राम सेनानी उत्तराधिकारी सुभाष, ज्ञान प्रकाश श्रीवास्तव और त्रिलोकी ने भी स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए स्वतंत्रता सेनानियों को नमन किया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान के कारण ही आज देशवासी स्वतंत्र वातावरण में जीवन जी रहे हैं।
क्रॉस कंट्री दौड़ में युवाओं ने दिखाया उत्साह
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर खेल विभाग की ओर से क्रॉस कंट्री ओपन रेस का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने हरी झंडी दिखाकर दौड़ को रवाना किया। बालक वर्ग में पुष्कर चन्द्र प्रथम, केवल चम्याल द्वितीय और अमित कुमार तृतीय रहे। वहीं ओपन बालिका वर्ग में खुशी गोस्वामी प्रथम, गुंजन द्वितीय और गुरप्रीत कौर तृतीय स्थान पर रहीं।
जिलाधिकारी ने विजेता प्रतिभागियों के साथ-साथ नन्हे बच्चों को भी ट्रॉफी एवं ट्रैकसूट देकर पुरस्कृत किया। कार्यक्रम के दौरान जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी उमाशंकर नेगी एवं हेम पाण्डे ने देशभक्ति गीत प्रस्तुत किए।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्र, एसडीएम मनीष बिष्ट, ओसी हिमांशु कफल्टिया, जिला क्रीड़ा अधिकारी जानकी कार्की, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी हेमंत मौर्य, संयुक्त निदेशक विधि डीएस जंगपांगी सहित स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजन, अधिकारी एवं कलेक्ट्रेट कर्मचारी मौजूद रहे।


