मिठाई की दुकानों पर खाद्य विभाग की नजर, 4 सैंपल लिए, जांच रिपोर्ट के बाद होगी कार्रवाई

खबरें शेयर करें

रुद्रपुर/किच्छा। आम जनमानस को सुरक्षित एवं गुणवत्तायुक्त खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी ऊधम सिंह नगर नितिन भदौरिया के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने बुधवार, 2 सितंबर को लालपुर-किच्छा क्षेत्र में अभियान चलाया।
अभियान के दौरान मैसर्स गट्टूमल स्वीट्स से बर्फी और गुलाब जामुन के नमूने लिए गए। वहीं मैसर्स कमल स्वीट्स, लालपुर किच्छा से छेना मिठाई और पेड़े के नमूने लिए गए। दोनों प्रतिष्ठानों को दुकान एवं निर्माणशाला में सुधार और साफ-सफाई बनाए रखने के लिए नोटिस भी जारी किए गए।
खाद्य विभाग के अनुसार कुल चार नमूने जांच के लिए राज्य खाद्य एवं औषधि प्रयोगशाला, रुद्रपुर भेजे जाएंगे। जांच रिपोर्ट में खाद्य पदार्थ मानकों के अनुरूप नहीं पाए जाने पर संबंधित खाद्य कारोबारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
विभाग ने सभी खाद्य कारोबारियों को संदिग्ध खाद्य पदार्थों की बिक्री नहीं करने, वैध पंजीकरण/लाइसेंस के साथ कारोबार करने तथा खाद्य पदार्थों के क्रय बिल पर FSSAI लाइसेंस नंबर अंकित रखने के निर्देश दिए हैं।
विभाग ने आम लोगों से भी अपील की है कि खाद्य सामग्री खरीदते समय निर्माण तिथि, उपभोग की अंतिम तिथि और खाद्य कारोबारी का लाइसेंस/पंजीकरण अवश्य जांचें। निम्न गुणवत्ता या अस्वच्छ खाद्य सामग्री की बिक्री की शिकायत टोल फ्री नंबर 18001804246 पर की जा सकती है।