
रुद्रपुर। जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया के निर्देश पर बुधवार को डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम सभागार में जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्रा की अध्यक्षता में हुई बैठक में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
अपर जिलाधिकारी ने बरसात के बाद क्षतिग्रस्त सड़कों को चिन्हित कर गड्ढामुक्त कराने तथा संबंधित विभागों को बजट की मांग निर्धारित समय पर भेजने के निर्देश दिए। सर्विस लेन पर अवैध रूप से खड़े वाहनों और अतिक्रमण के खिलाफ नोटिस जारी करने के साथ ही टोल प्लाजा पर ओवरलोड वाहनों के विरुद्ध परिवहन विभाग व एनएचएआई को सख्त चालानी कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
बैठक में सड़क सुरक्षा के लिहाज से पुलिस द्वारा चिन्हित 12 स्थानों पर कैमरे लगाने तथा अन्य 30 स्थानों पर एनओसी प्राप्त कर कैमरे स्थापित करने की प्रक्रिया जल्द पूरी करने को कहा गया।
एनएचएआई द्वारा चिन्हित 40 ब्लैक स्पॉट में से 38 का सुधार कार्य पूरा हो चुका है। शेष दो ब्लैक स्पॉट को भी शीघ्र दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए।
एडीएम ने जिला पूर्ति अधिकारी को जिले के सभी पेट्रोल पंपों पर ‘नो हेलमेट, नो पेट्रोल’ नियम का सख्ती से पालन कराने को कहा। वहीं राष्ट्रीय राजमार्गों पर दोपहिया वाहनों की आवाजाही के लिए अनधिकृत रूप से बनाए गए कटों को दुर्घटनाओं की रोकथाम के उद्देश्य से बंद करने का निर्णय लिया गया।
इसके अलावा प्रधानमंत्री राहत योजना की जानकारी आमजन तक पहुंचाने के लिए टोल प्लाजा और तहसील स्तर पर फ्लेक्सी लगाने के निर्देश भी दिए गए।
अपर जिलाधिकारी ने कहा कि सड़क सुरक्षा प्रत्येक नागरिक के जीवन से जुड़ा अत्यंत महत्वपूर्ण विषय है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में एसपी सिटी डॉ. उत्तम सिंह नेगी, ईई गजेंद्र सिंह, एआरटीओ नवीन सिंह, मोहित कोठारी, सोनू गुप्ता, राहुल शर्मा, एजीएम अशोक शर्मा, रणदीप, एएमए कमलेश सिंह बिष्ट, कपूर चंद सहित अन्य अधिकारी वर्चुअल माध्यम से जुड़े।


