
पुरानी रंजिश में हुई फायरिंग मामले में एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में बड़ी कार्रवाई, 6 नामजद आरोपियों में से 4 दबोचे गए।
रुद्रपुर/गदरपुर। ऊधमसिंह नगर पुलिस ने गदरपुर क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते हुई फायरिंग के मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए चार वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक अवैध .32 बोर देशी पिस्टल, एक 315 बोर तमंचा, दो जिंदा कारतूस, दो स्कॉर्पियो वाहन तथा अन्य सामान बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार 26 जुलाई 2026 को सरदार नगर अंडरपास कट के पास पुरानी रंजिश के चलते फायरिंग की गई थी, जिसमें गुरशरण उप्पल उर्फ गगन के पैर में गोली लगी थी, जबकि वादी सहजपाल सिंह और उनके साथी सौरभ बाबा के साथ भी मारपीट कर उन्हें घायल किया गया था। मामले में कोतवाली गदरपुर में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही थी।
एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में गठित पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर 3 अगस्त को हरिपुरा जलाशय, गूलरभोज क्षेत्र से चार वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मामले में आर्म्स एक्ट सहित अन्य धाराओं की बढ़ोतरी करते हुए आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजवीर सिंह विर्क, आकाशदीप सिंह, प्रशांत सिंह उर्फ मनी (पिद्दी) और सौरभ कुमार के रूप में हुई है। इनमें से कुछ आरोपियों के खिलाफ पहले से भी आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।



