
रुद्रपुर। भारतीय वाल्मीकि धर्म समाज (रजि.) भावाधास, जनपद ऊधमसिंहनगर ने रुद्रपुर नगर के किसी प्रमुख चौराहे का नाम “महर्षि वाल्मीकि चौक” रखने और वहां महर्षि वाल्मीकि की भव्य प्रतिमा स्थापित करने की मांग उठाई है। इस संबंध में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को संबोधित ज्ञापन महापौर विकास शर्मा को सौंपा गया।
जिला अध्यक्ष विजेंद्र गोटशे ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि भारतीय संस्कृति के महान ऋषि, आदिकवि और रामायण के रचयिता हैं। उनके आदर्श और विचार आज भी समाज को दिशा देते हैं, लेकिन रुद्रपुर में अब तक उनके नाम पर कोई प्रमुख चौक स्थापित नहीं किया गया है।
ज्ञापन में मांग की गई है कि नगर के किसी प्रमुख चौराहे का नाम “महर्षि वाल्मीकि चौक” रखा जाए और वहां उनकी भव्य प्रतिमा स्थापित की जाए, ताकि समाज में सम्मान की भावना को बढ़ावा मिले और नई पीढ़ी महर्षि वाल्मीकि के आदर्शों से प्रेरणा ले सके। संगठन ने राज्य सरकार और नगर निगम से इस मांग पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने का आग्रह किया है।




