काशीपुर बाईपास निर्माण की उल्टी गिनती शुरू, कल से अतिक्रमण पर चलेगा बुलडोजर, विधायक शिव अरोरा ने की सहयोग की अपील

खबरें शेयर करें

रुद्रपुर। विधायक शिव अरोरा के कार्यालय में सोमवार देर शाम काशीपुर बाईपास निर्माण परियोजना को लेकर महत्वपूर्ण समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी), जल संस्थान और विद्युत विभाग के अधिकारियों ने निर्माण कार्य की प्रगति, विभागीय तैयारियों तथा 5 अगस्त से प्रस्तावित अतिक्रमण हटाओ अभियान पर विस्तृत चर्चा की।

विधायक शिव अरोरा ने कहा कि काशीपुर बाईपास निर्माण क्षेत्र के व्यापारियों और आम जनता के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण परियोजना है। इसके बनने से शहर में लगने वाले लंबे जाम से राहत मिलेगी और यातायात व्यवस्था अधिक सुगम होगी। उन्होंने बताया कि व्यापारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए सड़क को 60-60 फीट चौड़ा करने की योजना बनाई गई है, जबकि नगर पालिका मार्केट के दुकानदारों का पुनर्वास सुनिश्चित होने तक उन्हें नहीं हटाया जाएगा।

उन्होंने व्यापारियों और नागरिकों से 5 अगस्त से शुरू होने वाले अतिक्रमण हटाओ अभियान में प्रशासन का सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि यह परियोजना जनहित और क्षेत्र के समग्र विकास के लिए बेहद आवश्यक है।

बैठक में पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता गजेंद्र सिंह ने बताया कि बाईपास निर्माण की टेंडर प्रक्रिया अंतिम चरण में है। अतिक्रमण हटते ही निर्माण कार्य तेजी से शुरू कर निर्धारित समय में पूरा किया जाएगा।

जल संस्थान के अधिशासी अभियंता बद्रे आलम ने बताया कि पेयजल लाइनों के स्थानांतरण की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और अतिक्रमण हटने के बाद विभाग दो माह के भीतर अपना कार्य पूरा कर देगा।

विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता किशोर पंत ने कहा कि अधिकांश क्षेत्रों में पोल और विद्युत लाइनों की शिफ्टिंग का कार्य पूरा हो चुका है। शेष कार्य अगस्त माह के अंत तक पूर्ण कर नई लाइन पर विद्युत आपूर्ति सुचारु कर दी जाएगी।

बैठक में सभी विभागों के अधिकारियों ने आपसी समन्वय के साथ परियोजना को समयबद्ध ढंग से पूरा करने का भरोसा दिलाया। इस दौरान पीडब्ल्यूडी, जल संस्थान और विद्युत विभाग के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।