
रुद्रपुर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं देश के पूर्व प्रधानमंत्री स्व. लाल बहादुर शास्त्री की जयंती जनपद में श्रद्धापूर्वक मनाई गई। जिला मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट में जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने दोनों महापुरुषों के चित्र का अनावरण कर माल्यार्पण किया और श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस दौरान गांधी जी के प्रिय भजन ‘रघुपति राघव राजा राम’ सहित रामधुन का गायन किया गया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने कहा कि महापुरुषों के जीवन और विचारों से प्रेरणा लेकर उनके दिखाए मार्ग पर चलने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी के सत्य और अहिंसा के विचार आज भी पूरे विश्व के लिए प्रेरणास्रोत हैं। गांधी जी ने देश में अनेकता में एकता की भावना को मजबूत करने के साथ सामाजिक कुरीतियों के निराकरण और समाज के प्रत्येक वर्ग को साथ लेकर चलने के लिए महत्वपूर्ण प्रयास किए।
डीएम ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी ईमानदारी और निष्ठा से करना चाहिए। समाज के अंतिम व्यक्ति को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना होगा, तभी समग्र विकास संभव है। उन्होंने गांधी जी के विचारों का उल्लेख करते हुए कथनी और करनी में एकरूपता बनाए रखने पर जोर दिया।
लाल बहादुर शास्त्री को नमन करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि उनके द्वारा दिया गया ‘जय जवान, जय किसान’ का नारा देश के समग्र विकास की भावना को दर्शाता है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर शिक्षा और खेल जैसी सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में अपर उपजिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्रा, ओसी हिमांशु कफ़लटिया, तहसीलदार दिनेश कुटौला सहित कलेक्ट्रेट के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



