महिलाओं के सम्मान और बच्चों की मुस्कान से सजा रम्पुरा का आंगनबाड़ी केंद्र, ‘आंगन मिलन सेवा’ के तहत गर्भवती महिलाओं की गोद भराई के साथ धात्री माताओं को मिली महालक्ष्मी किट

खबरें शेयर करें

रुद्रपुर। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत रम्पुरा स्थित आंगनबाड़ी केंद्र संख्या 6-2 में ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं, बच्चों और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम की शुरुआत बाल विकास परियोजना अधिकारी आशा नेगी एवं सुपरवाइजर रीता द्वारा फीता काटकर की गई। मुख्य अतिथि स्वाती शर्मा, छाया शर्मा, भारती मौर्या एवं खुशबू चतुर्वेदी का तिलक एवं आरती उतारकर स्वागत किया गया।

इस अवसर पर स्वाती शर्मा ने आंगनबाड़ी कार्यकत्री एवं सहायिका को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। इसके बाद गर्भवती महिलाओं की पारंपरिक गोद भराई की रस्म संपन्न कराई गई और धात्री महिलाओं को महालक्ष्मी किट वितरित की गई।

कार्यक्रम में आंगनबाड़ी केंद्र के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए, जिन्हें उपस्थित अतिथियों ने खूब सराहा। बच्चों की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में उत्साह और उल्लास का माहौल बना दिया। कार्यक्रम के बाद बच्चों को फल एवं बिस्किट भी वितरित किए गए।

कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकत्री मंजू शर्मा, जयवन्ती रजवार, शशी वाल्मीकि, सहायिका पुष्पा शर्मा एवं पूजा श्रीवास्तव समेत सरला, इंद्रा देवी, रेनू गुप्ता, नेहा वर्मन, सुधा, रेखा, सावित्री, मिथलेश, भावना सहित बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।