16 लाख की स्मैक के साथ दो शातिर तस्कर गिरफ्तार, नेपाल तक फैला था सप्लाई नेटवर्क

खबरें शेयर करें

रुद्रपुर/किच्छा। ऊधम सिंह नगर पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 16 लाख रुपये मूल्य की 52.08 ग्राम स्मैक बरामद कर दो शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से तस्करी में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल, तीन मोबाइल फोन, नगदी और अन्य दस्तावेज भी बरामद किए गए हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में “नशा मुक्त देवभूमि” अभियान के तहत ANTF/SOG रुद्रपुर और कोतवाली किच्छा पुलिस की संयुक्त टीम ने कलकत्ता फार्म चौकी क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान सूर्य नगर गेट नंबर-05 के पास बाइक सवार दो युवक पुलिस को देखकर भागने लगे, जिन्हें घेराबंदी कर पकड़ लिया गया।

तलाशी में आरोपी सचिन सिंह के पास से 41.02 ग्राम तथा सुखविंदर सिंह के पास से 11.06 ग्राम शुद्ध स्मैक बरामद हुई। पूछताछ में मुख्य आरोपी ने नेपाल के लोगों तक स्मैक की सप्लाई करने की बात स्वीकार की है। पुलिस अब पूरे तस्करी नेटवर्क की गहन जांच में जुटी है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सचिन सिंह (20 वर्ष) और सुखविंदर सिंह (19 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ कोतवाली किच्छा में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21/60 के तहत मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि जनपद में नशा तस्करी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी और इस कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।