हरिद्वार कांवड़ यात्रा का आंकड़ा 50 लाख पार, डीएम, SSP ने बरसाये फूल, कांवड़ियों का भव्य स्वागत

खबरें शेयर करें
डीएम मयूर दीक्षित ने बताया कि कांवड़ मेला सभी का मेला है. इसमें सभी समाजसेवी संस्थाएं मिलकर कांवड़ियों की सेवा कर रही है.
हरिद्वार: धर्मनगरी हरिद्वार में कांवड़ मेला चरम पर है. अभी तक करीब 50 लाख कांवड़िए गंगाजल लेकर अपने गंतव्यों को रवाना हो चुके हैं. पुलिस प्रशासन और जिला प्रशासन ड्यूटी के साथ साथ कांवड़ियों की सेवा में जुटे हैं.
आज रविवार को हरिद्वार के डीएम मयूर दीक्षित और एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने कांवड़ियों की सेवा की और फूल बरसाकर उनका भव्य स्वागत किया. डीएम और एसएसपी समेत सभी अधिकारियों ने शंकराचार्य चौक से कांवड़ पटरी पर जाने वाले कांवड़ियों को फुलमाला पहनाई और फूल बरसाए. इतना ही नहीं उन्हें जूस, फल और अन्य खाद्य सामग्री भी बांटी.
डीएम मयूर दीक्षित ने बताया कि कांवड़ मेला सभी का मेला है. इसमें पुलिस, प्रशासन, व्यापार संगठन और सभी समाजसेवी संस्थाएं मिलकर कांवड़ियों की सेवा कर रही हैं. कांवड़ मेले में आने वाले कांवड़ियों की सुविधा की व्यवस्थाएं की गईं हैं. उनसे फीडबैक भी लिया जा रहा है. डीएम मयूर दीक्षित ने बताया शुक्रवार शाम तक 45 लाख कांवड़िए गंगाजल लेकर हरिद्वार से रवाना हो चुके हैं. आज यह आंकड़ा 50 लाख को पार कर जाएगा. आने वाले समय में कांवड़ियों की संख्या बढ़ेगी बढ़ेगी, इसलिए उसी के अनुसार सभी व्यवस्थाएं की गईं हैं.
एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कांवड़ यात्रा एक कठिन धार्मिक यात्रा है. इसमें बड़ी संख्या में कांवड़िए सैकड़ों किलोमीटर की दूरी पैदल तय करते हैं. कांवड़ियों के उत्साहवर्धन के लिए सभी प्रयास किए जा रहे हैं. उन्हें किसी प्रकार की दिक्कत का सामना न करना पड़े, इसलिए प्रशासन और पुलिस ने उनकी सेवा की है. आने वाले समय में कांवड़ियों की संख्या बढ़ेगी. डाक कांवड़ का भी आगमन होगा. उसी को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं.
गौरतलब है कि कांवड़ मेले की सुरक्षा में 6000 पुलिस बल की तैनाती की गई है. इसके अलावा पैरामिलिट्री फोर्स, पीएसी, बीडीएस और डॉग स्कॉयड भी मोर्चा संभाले हुए हैं. पूरे मेला क्षेत्र को 18 सुपर जोन, 40 जाेन और 141 सेक्टरों में बांटा गया है. डायवर्जन प्लान लागू किया गया है. कांवड़िए बड़ी संख्या में हरिद्वार पहुंचे रहे हैं. कांवड़ मेले को सकुशल संपन्न कराने के लिए प्रशासन हरसंभव प्रयास कर रहा है. उत्साहवर्धक और सौहार्द पूर्ण कांवड़ यात्रा का संदेश देने के लिए हरिद्वार के अधिकारियों ने उनका स्वागत सत्कार किया.