हरिद्वार: रुड़की में कार सवार कांवड़िए को भीड़ ने पीटा, मुकदमा दर्ज, एक आरोपी गिरफ्तार

खबरें शेयर करें

रुड़की में कांवड़िए की पिटाई के मामले में एक आरोपी गिरफ्तार किया गया है. पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है.
रुड़की: हरिद्वार जिले के मंगलौर कस्बे में 1 अगस्त की शाम कार की टक्कर लगने से खंडित हुई कांवड़ के बाद कांवड़िए से मारपीट और वाहन में तोड़फोड़ मामले में पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए मुकदमा दर्ज कर लिया है. मामले में पुलिस ने एक आरोपी को भी गिरफ्तार किया. गिरफ्तार किया गया आरोपी रुड़की का बताया गया है.
जानकारी के मुताबिक, हरिद्वार से गंगाजल लेकर घर लौट रहे एक कांवड़िए की कांवड़ मंगलौर कोतवाली क्षेत्र में गोल्डन ढाबे के पास फ्लाईओवर स्थित अल्टो कार की टक्कर से खंडित हो गई. कार में भी कांवड़िया मौजूद था. इस घटना के बाद मौके पर भारी हंगामा हो गया और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई. आरोप है कि गुस्साए कांवड़ियों ने कार चालक के साथ जमकर मारपीट की और कार को भी बुरी तरह से क्षतिग्रस्त कर दिया. वहीं पुलिस को करीब शाम 8:30 बजे सूचना मिली कि गोल्डन ढाबा के पास कुछ कांवड़ियों द्वारा एक कांवड़िए के साथ मारपीट की जा रही है.
इस सूचना पर मंगलौर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मय पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे. हालांकि, मौके पर पहले से मौजूद पुलिस कर्मियों द्वारा स्थिति को नियंत्रित कर मामला शांत कराया जा चुका था. पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया कि अल्टो कार संख्या HR 38AC-7944, जो हरिद्वार से दिल्ली की ओर जा रही थी, का चालक भी कांवड़िया था और हरिद्वार से गंगाजल लेकर अपने घर लौट रहा था. इसी दौरान कार की टक्कर एक अज्ञात पैदल चल रहे कांवड़िए की कांवड़ से हो गई, जिससे उसकी कांवड़ खंडित हो गई. कांवड़ खंडित होने के बाद कुछ अज्ञात कांवड़ियों ने अल्टो कार चालक के साथ मारपीट की और उसकी कार को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया.
पुलिस ने इस मामले में एक व्यक्ति जिसका नाम राजा उर्फ राजेश निवासी कोतवाली गंगनहर रुड़की को हिरासत में लिया है. पीड़ित अल्टो कार चालक की तहरीर के आधार पर पुलिस ने इस मामले में संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है. इसी के साथ पुलिस द्वारा मामले में शामिल अन्य व्यक्तियों की पहचान कर उनके खिलाफ भी आवश्यक कार्रवाई की जा रही है.
सभी शिवभक्तों से अपील है कि कांवड़ मेला एक पवित्र पर्व है. भक्ति भाव से आकर शिव की नगरी से जल लेकर जाएं. उत्तराखंड पुलिस हर समय आपके साथ है. अगर किसी भी रूप में शांति व्यवस्था प्रभावित करते हैं तो उत्तराखंड पुलिस द्वारा निसंदेह उन पर कठोर वैधानिक कार्रवाई तत्काल अमल में लाई जाएगी.
-शेखर चंद्र सुयाल, एसपी देहात-