भारी बारिश का अलर्ट: ऊधमसिंह नगर में 21 अगस्त को स्कूल-आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश

खबरें शेयर करें

रुद्रपुर। मौसम विज्ञान विभाग के पूर्वानुमान में राज्य के विभिन्न जनपदों में कहीं-कहीं गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने और तेज से अति तेज बारिश की संभावना जताई गई है। पर्वतीय क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश के चलते नदियों का जलस्तर बढ़ने की स्थिति को देखते हुए ऊधमसिंह नगर जिला प्रशासन ने छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए बड़ा फैसला लिया है।

जिलाधिकारी एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष नितिन सिंह भदौरिया ने आदेश जारी कर 21 अगस्त 2026 (शुक्रवार) को ऊधमसिंह नगर जिले के कक्षा 12 तक संचालित सभी सरकारी, अर्द्धसरकारी एवं निजी विद्यालयों तथा सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित किया है।

आदेश के अनुसार विद्यालयों के शिक्षक एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारी तथा आंगनबाड़ी केंद्रों की सहायिका/कार्यकर्त्री अपने-अपने संस्थान में उपस्थित रहेंगे और आवश्यकतानुसार विभागीय दायित्वों का निर्वहन करेंगे।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आदेश का उल्लंघन आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 की धारा 51 के प्रावधानों के तहत माना जाएगा और संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन ने मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों को देखते हुए सभी संबंधित विभागों को सतर्क रहने और आदेश का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।