बाजपुर में आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, 25 लीटर कच्ची शराब बरामद, 3000 किलो लहन नष्ट

खबरें शेयर करें

बाजपुर। जनपद में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और भंडारण के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष सघन प्रवर्तन अभियान के तहत आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कच्ची शराब और लहन बरामद कर नष्ट किया।
बुधवार को माननीय संयुक्त आबकारी आयुक्त प्रदीप कुमार के आदेश एवं सहायक आबकारी आयुक्त एन.आर. जोशी के निर्देशन में अपराध निरोध क्षेत्र-4 बाजपुर की टीम ने मडैय्या हट्टू, सैमल और तोताबेरिया क्षेत्रों में सघन छापेमारी अभियान चलाया।
कार्रवाई के दौरान टीम ने लगभग 25 लीटर कच्ची शराब बरामद की, जबकि शराब निर्माण में प्रयुक्त करीब 3000 किलोग्राम लहन को मौके पर ही नष्ट कर दिया। मामले में उत्तराखंड आबकारी अधिनियम की धारा 60 के अंतर्गत एक अभियोग पंजीकृत किया गया है।
आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया कि अवैध मादक द्रव्यों एवं कच्ची शराब के निर्माण और तस्करी के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा तथा कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
छापेमारी टीम में आबकारी निरीक्षक महेंद्र सिंह बिष्ट, प्रधान आबकारी सिपाही पवन कुमार कम्बोज, आबकारी सिपाही वंदना घिल्डियाल, अर्चना यादव एवं रेनुका बोरा शामिल रहे।