5,001 दीपों से जगमगाया त्रिशूल चौक, पीएम मोदी के दीर्घायु जीवन की कामना, महापौर विकास शर्मा, विधायक शिव अरोरा और दर्जा राज्य मंत्री हेमा जोशी ने दिया सेवा-संकल्प का संदेश

खबरें शेयर करें

रुद्रपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर गुरुवार शाम त्रिशूल चौक 5,001 दीपों की रोशनी से जगमगा उठा। महापौर विकास शर्मा की पहल पर ‘एक दीया आशीर्वाद का’ अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम में शहरवासियों, जनप्रतिनिधियों, भाजपा कार्यकर्ताओं और सामाजिक संगठनों से जुड़े लोगों ने दीप प्रज्वलित कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और निरंतर राष्ट्रसेवा की मंगलकामना की।

शाम छह बजे दीप प्रज्वलन शुरू हुआ। कुछ ही देर में त्रिशूल चौक पर दीपों की कतारें रोशनी से भर उठीं। महिलाओं, युवाओं, बुजुर्गों और कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक दीप जलाए। हजारों दीपों से सजे चौक का मनमोहक दृश्य लोगों के आकर्षण का केंद्र रहा और कई लोगों ने इस पल को अपने मोबाइल कैमरों में भी कैद किया।

कार्यक्रम में महापौर विकास शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपना जीवन राष्ट्रसेवा और समाज के अंतिम व्यक्ति के उत्थान के लिए समर्पित किया है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से गरीब, वंचित और जरूरतमंद वर्ग को आवास, खाद्यान्न, स्वास्थ्य सुरक्षा सहित अन्य सुविधाओं से जोड़ने का प्रयास किया गया है। साथ ही आधारभूत ढांचे, रक्षा, स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में भी व्यापक स्तर पर कार्य हुआ है।

महापौर ने कहा कि ‘एक दीया आशीर्वाद का’ कार्यक्रम केवल जन्मदिन मनाने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके माध्यम से सेवा और समर्पण की भावना को आगे बढ़ाने का संदेश दिया गया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिवस पर समाज के जरूरतमंद लोगों की सेवा करने और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करने का संकल्प लेना भी इस आयोजन का उद्देश्य है।

रुद्रपुर विधायक शिव अरोरा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सार्वजनिक जीवन राष्ट्रसेवा और जनकल्याण के प्रति समर्पित रहा है। उन्होंने कहा कि 5,001 दीप प्रज्वलित कर शहरवासियों ने प्रधानमंत्री के प्रति अपनी शुभकामनाएं और मंगलकामनाएं व्यक्त की हैं। विधायक ने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिवस को सेवा, जनकल्याण और राष्ट्रहित के संकल्प के रूप में मनाने से समाज में सकारात्मक संदेश जाता है।

दर्जा राज्य मंत्री श्रीमती हेमा जोशी ने कहा कि प्रधानमंत्री का जन्मदिन सेवा और समर्पण की भावना के साथ मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि 5,001 दीपों का यह आयोजन प्रधानमंत्री के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन के लिए शहरवासियों की सामूहिक शुभकामना की अभिव्यक्ति है। उन्होंने लोगों से समाज के जरूरतमंद वर्ग की सेवा करने और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान त्रिशूल चौक का पूरा परिसर दीपों की रोशनी से प्रकाशमय नजर आया। लोगों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं और ‘एक दीया आशीर्वाद का’ अभियान के संदेश को आगे बढ़ाया।

इस अवसर पर सीडीओ दिवेश शासनी, उत्तम दत्ता, रामपाल सिंह, किसान मोर्चा प्रदेश मंत्री धीरेंद्र मिश्रा, मोहन तिवारी, वरिष्ठ नेता अनिल चौहान, सुरेश कोली, योगेश वर्मा, पार्षद पवन राणा, बीनू, संतोष गुप्ता, नूरुद्दीन अहमद, विष्णु, मानवेंद्र राय, दीपक राठौर, गोविंद शर्मा, संदीप वाल्मीकि, संदीप गुंबर, राजू नबियाल, विजय पाल सिंह तोमर, विपिन सिंह गेहलोत, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पियूष रंजन, समीर गौर, अक्षय गहलोत, रेनू जुनेजा, गौरव जुयाल सहित पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।